Auraiya News:मानसिक रोगियों में बढ़ा रहा विंटर डिप्रेशन – Winter Depression Is On The Rise Among Patients With Mental Health Conditions
फोटो-41- अनिल कुमार गुप्ता सीएमएस। संवाद
– मेडिकल कॉलेज की ओपीडी में चिड़चिड़ापन और गुस्से की शिकायत लेकर पहुंच रहे मरीज
– सीएमएस डॉ. अनिल कुमार गुप्ता ने बुजुर्गों और हृदय रोगियों को ठंड से बचाने की दी सलाह
संवाद न्यूज एजेंसी
औरैया। सुबह और रात के समय बढ़ रही सर्दी अब लोगों की सेहत के साथ-साथ उनके मानसिक स्वास्थ्य पर भी असर डालने लगी है। बदलते मौसम के कारण मानसिक रोगियों की समस्याएं बढ़ गई हैं। मेडिकल कॉलेज की ओपीडी में इन दिनों ऐसे मरीजों की संख्या में इजाफा हुआ है, जिनमें अत्यधिक चिड़चिड़ापन, गुस्सा और उदासी जैसे लक्षण दिख रहे हैं। चिकित्सक इसे विंटर डिप्रेशन का असर बता रहे हैं।
डॉक्टर के मुताबिक मौसम में बदलाव और ठंड बढ़ने से लोगों की शारीरिक गतिविधियां कम हो जाती हैं जो मानसिक रोग को बढ़ावा देती हैं। शहर के 50 शय्या अस्पताल के सीएमएस डॉ. अनिल कुमार गुप्ता ने बताया कि दिन में तेज धूप और शाम होते ही अचानक ठंड बढ़ने से बुजुर्गों की दिनचर्या प्रभावित होती है।
सामान्य कामकाज न कर पाने के कारण उनमें अवसाद और चिड़चिड़ापन उत्पन्न होने लगता है। चेतावनी दी कि सर्दी का यह असर केवल मानसिक स्वास्थ्य तक सीमित नहीं है, बल्कि इससे हृदय पर भी बुरा प्रभाव पड़ता है। लोगों से अपील की है कि बदलते मौसम में बुजुर्गों, हृदय रोगियों और पहले से मानसिक बीमारी से जूझ रहे मरीजों का विशेष ध्यान रखें और उन्हें ठंड से बचाएं।
क्या करें
क्या करें
रोज सुबह कम से कम 20 से 30 मिनट धूप में बैठें या टहलें। 30 मिनट की तेज वॉक, योग या हल्की एक्सरसाइज करें। खाने में विटामिन-डी मशरूम, अंडे, फोर्टिफाइड दूध और ओमेगा-3 फैटी एसिड (अखरोट, अलसी के बीज, मछली) शामिल करें। ये मस्तिष्क के स्वास्थ्य और मूड को स्थिर रखने में मदद करते हैं। अकेलेपन से उदासी बढ़ती है। परिवार और दोस्तों से बात करें, उनसे मिलें या किसी सामाजिक गतिविधि का हिस्सा बनें।
क्या न करें
आलस्य महसूस होने पर दिन में लंबी झपकी लेने से बचें। इससे रात की नींद खराब होती है और सुस्ती का चक्र बढ़ता है। ठंड से बचने के लिए दिनभर रजाई में दुबके रहना या कमरों में अंधेरा रखना मूड को और नीचे ले जाता है। घर में पर्याप्त रोशनी रखें। ठंड भगाने के लिए बार-बार चाय-कॉफी पीने से बेचैनी बढ़ सकती है और नींद प्रभावित होती है। यदि लगातार दो सप्ताह से अधिक समय तक काम में मन न लगे, बहुत ज्यादा निराशा हो या सामान्य जीवन प्रभावित होने लगे, तो मनोचिकित्सक से परामर्श लें।
