Azamgarh News:किराये के कमरे में फंदे से लटका मिला स्टाफ नर्स का शव – Body Of Staff Nurse Found Hanging In Rented Room
कस्बे के वार्ड नंबर तीन में शुक्रवार को किराये के मकान में 30 वर्षीय स्टाफ नर्स बविता यादव का शव चुन्नी के सहारे फंदे से लटका मिला।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फाॅरेंसिक टीम ने घटनास्थल की जांच कर साक्ष्य जुटाए। फिलहाल घटना के कारणों का पता नहीं चल सका है।
मऊ के सुहवल निवासी सुरेश यादव ने बताया कि पुत्री बविता की दो वर्ष पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मेंहनगर में स्टाफ नर्स (एएनएम) के पद पर तैनाती हुई थी। वह सीएचसी के अंतर्गत पंदहा गांव में कार्यरत थीं और कस्बे के वार्ड नंबर तीन में किराये के मकान में रहती थीं।
उनके साथ छोटी बहन का 11 वर्षीय बेटा आयांश भी रहता था। वह गंभीरपुर क्षेत्र के रोहुआ मुस्तफाबाद स्थित ईसान पब्लिक स्कूल में पढ़ता है। शुक्रवार को बविता ने भांजे आयांश को स्कूल बस में बैठाया और वापस कमरे में चली गईं। कुछ देर बाद मकान में रहने वाले अन्य किरायेदारों ने खिड़की से कमरे के अंदर देखा तो उनका शव फंदे से लटका मिला। शोर मचाने पर आसपास के दुकानदार और स्थानीय लोग जुट गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतरवाया और फाॅरेंसिक टीम को सूचना दी। बविता तीन बहनों में सबसे बड़ी थीं। वैवाहिक संबंध टूटने के बाद उसने पढ़ाई जारी रखी और इटौरा मेडिकल कॉलेज से जीएनएम का कोर्स पूरा किया।
वर्ष 2024-25 में उनकी मेंहनगर क्षेत्र में तैनाती हुई थी। वह अपनी छोटी बहन सविता के बेटे आयांश को साथ रखकर उसकी पढ़ाई की देखभाल कर रही थीं।
बताया कि शुक्रवार को उसने अपनी मां लीला देवी से फोन पर बात की थी। उन्होंने दीपावली की छुट्टी में आयांश के स्कूल से लौटने के बाद उसे लेकर घर आने की बात कही थी। थाना प्रभारी अभिराज सरोज ने बताया कि पिता सुरेश यादव ने पुलिस कार्रवाई कराने से इन्कार किया है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। जांच के बाद ही घटना के कारण स्पष्ट हो सकेंगा।
