Azamgarh News:रिवाल्वर के साथ रील बनाकर दिखाई दबंगई, महिला गिरफ्तार – Woman Arrested For Showing Off Bravado By Making A Reel With A Revolver
सोशल मीडिया पर रिवाल्वर के साथ रील बनाकर दबंगई दिखाना एक महिला को भारी पड़ गया। ऑपरेशन वज्रपात के तहत वायरल वीडियो की जांच के बाद कोतवाली पुलिस ने महिला की पहचान कर मंगलवार को उसे गिरफ्तार कर लिया।
शहर कोतवाल यादवेंद्र पांडेय ने बताया कि सोशल मीडिया पर गैंग संस्कृति और दबंगई का प्रदर्शन कर आमजन में भय का माहौल बनाने वालों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। सोशल मीडिया पर एक महिला का रिवाल्वर के साथ रील बनाकर पोस्ट किया गया वीडियो पुलिस के संज्ञान में आया।
वीडियो की जांच कर महिला की पहचान कोतवाली क्षेत्र निवासी राजवती के रूप में हुई। उन्होंने बताया कि इस तरह के कृत्य से आमजन में भय और असुरक्षा की भावना पैदा होने की आशंका को देखते हुए उसके खिलाफ कार्रवाई की गई। सोशल मीडिया पर गैंग संस्कृति, दबंगई या कानून-व्यवस्था को प्रभावित करने वाले कृत्यों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
