Baghpat News:दिवाली पर घर जाने की जल्दी, ट्रेनों और बसों में सीट के लिए जूझे यात्री – In Their Rush To Get Home For Diwali, Passengers Scramble For Seats On Trains And Buses
बड़ौत। दिवाली पर घर पहुंचने की जल्दी में निकले यात्रियों को शनिवार को सफर के दौरान दोहरी परेशानी झेलनी पड़ी। रेलवे स्टेशन पर ट्रेन में चढ़ने के लिए धक्का-मुक्की करनी पड़ी तो बस स्टैंड पर सीट पाने के लिए मशक्कत करनी पड़ी। ट्रेनों के देरी से चलने और पहले से यात्रियों से भरी पहुंचने के कारण लोगों को खड़े होकर सफर करना पड़ा।
दिल्ली और सहारनपुर रूट पर यात्रियों का दबाव सबसे अधिक रहा। बड़ौत स्टेशन से गुजरने वाली जनता एक्सप्रेस और शामली से दिल्ली जाने वाली पैसेंजर ट्रेनों में सीट मिलना मुश्किल हो गया। ट्रेनें पीछे से ही फुल होकर पहुंची। ऐसे में यात्रियों को सवार होने के लिए भी जूझना पड़ा। सहारनपुर से दिल्ली और दिल्ली से सहारनपुर जाने वाली अधिकांश ट्रेनें एक से डेढ़ घंटे की देरी से चलीं। अनिल, अंकुर और मनोज ने बताया कि त्योहार पर परिवार के साथ घर पहुंचना था, लेकिन ट्रेनों में जगह नहीं मिली। किसी तरह सवार होने के बाद भी खड़े होकर सफर करना पड़ा। स्टेशन अधीक्षक सुरेश कुमार ने बताया कि त्योहार के चलते ट्रेनों में यात्रियों की भीड़ बढ़ी है।
अतिरिक्त बसों के फेरे भी नहीं पड़े पर्याप्त
रोडवेज बसों में भी यात्रियों की भीड़ रही। दिल्ली, मेरठ, शामली, कांधला और मुजफ्फरनगर सहित लंबी दूरी के साथ लोकल मार्गों पर भी बसें खचाखच भरी चलीं। बावली चुंगी बस स्टैंड, दिल्ली रोड और छपरौली चुंगी पर बसों का इंतजार कर रहे यात्री बस पहुंचते ही सवार होने के लिए दौड़ पड़े। भीड़ के चलते कई यात्रियों को अगली बस का इंतजार करना पड़ा। दीपक और सुनील ने बताया कि बसों में सीट मिलना मुश्किल हो गया है। लोकल रूट पर भी खड़े होकर सफर करना पड़ रहा है। आजाद ने बताया कि त्योहार पर घर जाने के लिए बसों का इंतजार करना पड़ रहा है, लेकिन बस पहुंचते ही उसमें जगह पाने के लिए मशक्कत करनी पड़ती है। एआरएम हाकिम सिंह ने बताया कि यात्रियों की सुविधा के लिए लंबी दूरी और लोकल मार्गों पर बसों के अतिरिक्त फेरे लगवाए जा रहे हैं।
