Ballia News:एचटी लाइन प्रभावित विद्यालयों की सूची में ही नहीं था प्राथमिक विद्यालय कनैला का नाम – The Name Of Kanaila Primary School Was Not Even On The List Of Schools Affected By The Ht Line
बलिया। गड़वार शिक्षा क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय नवीन पोखरा अनुसूचित बस्ती कनैला में दो नवंबर को स्कूल के किचन की छत पर चढ़ कर लौकी तोड़ते समय एचटी लाइन के तार की चपेट में आकर कक्षा चार के छात्र अरशद की मौत की जांच में कई चौंकाने वाली बातें सामने आई है। वर्ष जुलाई 2025 में ही 110 विद्यालयों की सूची के साथ बेसिक शिक्षा विभाग ने बिजली निगम को 1.36 करोड़ की धनराशि उपलब्ध कराई थी। इसके बाद 33 और विद्यालयों की सूची दी गई थी। हैरान करने वाली बात ये है कि उक्त सूची में इस विद्यालय का नाम ही नहीं था, जबकि विद्यालय का निर्माण वर्ष 2012-13 में ही हुआ था। इसके बाद भी विभाग के पास इसकी सूचना नहीं होना कई सवाल खड़े कर रहा है।
मामले को लेकर बीएसए मनीष कुमार सिंह की ओर से एडी बेसिक को भेजी गई रिपोर्ट में इसकी पुष्टि कई गई है। ये हालत तब है जब इस शिक्षा क्षेत्र में खंड विकास अधिकारी विशाल यादव मार्च 2024 से ही तैनात हैं। मार्च 2024 से नवंबर 2026 के बीच कई बार पत्राचार हुआ, बैठकें हुई और गूगल मीट से भी मंडल स्तर के अधिकारियों बार-बार खंड शिक्षाधिकारियों से ऐसे विद्यालयों की सूची मांगी गई, जिनके ऊपर से एचटी लाइन गुजर रही है। इसके बाद भी इसे नजरअंदाज किया गया। नतीजा ये रहा कि इसकी कीमत एक छात्र को अपनी जान देकर चुकानी पड़ी। मामले में प्रभारी प्रधानाध्यापक विजय शंकर, सहायक अध्यापक अनिल कुमार और बिजली निगम के जेई राम नारायण यादव को निलंबित किया जा चुका है और शिक्षामित्र दीपचंद की सेवा समाप्ति की प्रक्रिया चल रही है, लेकिन खंड शिक्षा अधिकारी विशाल यादव की भूमिका के बारे में अभी सिर्फ जांच की बात कही गई है।
143 विद्यालयों में अब भी 88 विद्यालयों पर मौत के तार बलिया। बीएसए के अनुसार वर्ष जुलाई 2025 में ही 110 विद्यालयों की सूची के साथ बेसिक शिक्षा विभाग ने बिजली निगम को 1.36 करोड़ की धनराशि उपलब्ध कराई थी। इसमें भी अभी 57 विद्यालयों के ऊपर से ही तार हटाए गए हैं। इसके बाद अक्तूबर 2026 में 33 और विद्यालयों की सूची दी गई। विभाग के अनुसार अब भी उक्त विद्यालयों में 88 पर से मौत के तार अभी हटाए जाने हैं। बीएसए के अनुसार बिजली निगम से बार-बार पत्राचार कर तार को हटाने का अनुरोध किया जाता रहा है। इसके बाद भी काम अवशेष बचा है। इस ढिलाई की कीमत बच्चों को अपनी जान देकर चुकानी पड़ रही है।
निगम से मिलेगा पांच लाख का मुआवजा
बलिया। एक्सईएन ऋषिकेश यादव ने बताया कि एचटी लाइन से हुए इस हादसे के बाद अरशद के परिवार को पांच लाख का मुआवजा दिया जाना है। अभी इसकी प्रक्रिया चल रही है। प्रक्रिया पूरी होने के बाद धनराशि उपलब्ध करा दी जाएगी।
निगम का दावा अलग
परिषदीय विद्यालयों से खतरनाक तारों को हटाने की प्रक्रिया चल रही है। प्रतिदिन चार से पांच स्कूलों के ऊपर से हटाया जा रहा है। बीएसए की तरफ से नए विद्यालय भी भेजे जा रहे हैं। जिला समिति की बैठक के बाद उस पर निर्णय लिया जाएगा। उनकी पुरानी सूची के अनुसार अब केवल 32 विद्यालयों से हटाना शेष रह गया है। इन विद्यालयों से प्राथमिकता से हटाया जाएगा। -इं. प्रदीप वर्मा, अधीक्षण अभियंता।
प्रकरण में बीईओ की भी साफ लापरवाही पाई गई है। इसकी रिपोर्ट शासन को भेज दी गई है। वहीं से कार्रवाई होनी है। मनीष कुमार सिंह, बीएसए
