बुधवार, 18 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
बलिया

Ballia News:खुशबू की मौत के मामले में तीन सदस्यीय टीम गठित – Three-member Team Constituted In Khushboo’s Death Case

November 18, 2026


सिवान कला गांव निवासी 28 वर्षीय खुशबू वर्मा की इलाज के दौरान हुई मौत के मामले में स्वास्थ्य विभाग ने जांच तेज कर दी है। मंगलवार को अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. पद्मावती वर्मा के नेतृत्व में तीन सदस्यीय जांच टीम सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिकंदरपुर पहुंची। टीम ने घटना के समय ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक और स्वास्थ्यकर्मियों से पूछताछ की तथा उनके बयान दर्ज किए। साथ ही संबंधित कर्मचारियों से लिखित स्पष्टीकरण भी लिया।

सिवान कला गांव निवासी दीपक वर्मा पत्नी खुशबू वर्मा को घुटने में दर्द और बुखार होने की शिकायत पर सोमवार को इलाज के लिए परिजन सीएचसी सिकंदरपुर लेकर पहुंचे थे। आरोप है कि वहां तैनात चिकित्सक ने सादी पर्ची पर बाहर की दवा व इंजेक्शन खरीद कर मंगवाया, वहां तैनात एक कर्मचारी ने इलाज के दौरान उन्हें कई इंजेक्शन लगाए गए, जिसके बाद उनकी हालत बिगड़ गई। स्थिति गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया, जहां पहुंचने पर चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।

महिला की मौत के बाद परिजनों ने जिला अस्पताल में हंगामा कर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाया था। परिजनों की लिखित शिकायत पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने तीन सदस्यीय जांच टीम गठित कर दी। मंगलवार को टीम ने सीएचसी पहुंचकर संबंधित चिकित्सक और स्वास्थ्यकर्मियों से जानकारी ली। सीएचसी अधीक्षक डॉ. दिग्विजय ने बताया कि घटना के समय वह छठ पर्व के सिलसिले में घर गए थे और रास्ते में थे।

सीएमओ डॉक्टर अभय नारायण राय ने कहा कि सीएचसी पर इलाज में लापरवाही के कारण महिला का मौत के आरोप के मामले में तीन सदस्यीय टीम जांच गठित की गई है। रिपोर्ट आने के बाद स्थिति स्पष्ट होगी।

सीएमओ को सौंपेंगे जांच रिपोर्ट

जांच टीम की अध्यक्ष एसीएमओ डॉ. पद्मावती वर्मा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में परिजनों की ओर से बताए गए कुछ तथ्य मौके पर मिले हालात से मेल नहीं खा रहे हैं। सभी संबंधित लोगों के बयान और उपलब्ध तथ्यों के आधार पर रिपोर्ट तैयार कर सीएमओ को सौंपी जाएगी। इसके बाद ही मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X