रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
बलिया

Ballia News:निर्माण श्रमिकों के बच्चों को कक्षा छह और नौ में प्रवेश का मौका, आवेदन शुरू – Opportunity For Children Of Construction Workers To Gain Admission Into Classes Six And Nine; Applications Now Open

November 21, 2026


बलिया। पंजीकृत निर्माण श्रमिकों के बच्चों को बेहतर शिक्षा का अवसर देने के लिए शैक्षणिक सत्र 2027-28 में कक्षा छह और नौ में प्रवेश की प्रक्रिया शुरू हो गई है। इसके लिए 20 नवंबर से आवेदन लिए जा रहे हैं। इच्छुक और पात्र अभ्यर्थी पांच जनवरी 2027 तक ऑनलाइन या ऑफलाइन आवेदन कर सकते हैं।

सीडीओ आलोक कुमार ने बताया कि अभ्यर्थी उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट upbocw.in के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। वहीं, ऑफलाइन आवेदन श्रम विभाग, बलिया के कार्यालय में जमा किए जाएंगे।

उन्होंने बताया कि योजना का लाभ ऐसे निर्माण श्रमिकों के बच्चों को मिलेगा, जिनके माता-पिता का पंजीकरण अद्यतन एवं विधिवत है और 30 अक्तूबर 2026 तक बोर्ड की सदस्यता के कम से कम तीन वर्ष पूरे हो चुके हैं। एक श्रमिक परिवार के अधिकतम दो बच्चे प्रवेश के लिए पात्र होंगे। इसके अलावा कोविड अवधि में अनाथ हुए ऐसे बच्चे भी आवेदन कर सकते हैं, जिनका महिला एवं बाल कल्याण विभाग में पंजीकरण है अथवा जो मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना के पात्र हैं।

कक्षा के अनुसार निर्धारित है आयु सीमा

कक्षा छह में प्रवेश के लिए अभ्यर्थी का शैक्षणिक सत्र 2027-28 में कक्षा पांच में अध्ययनरत होना या उत्तीर्ण होना अनिवार्य है। उसकी जन्मतिथि एक मई 2015 से 31 जुलाई 2017 के बीच होनी चाहिए। इसी तरह कक्षा नौ में प्रवेश के लिए कक्षा आठ में अध्ययनरत या उत्तीर्ण होना जरूरी है। इसके लिए जन्मतिथि एक मई 2012 से 31 जुलाई 2014 के बीच निर्धारित की गई है। दोनों ही कक्षाओं में निर्धारित जन्मतिथि की शुरुआती और अंतिम तारीख भी मान्य होगी।

आवेदन के साथ लगाने होंगे जरूरी दस्तावेज

आवेदन के लिए माता या पिता का श्रमिक पहचान पत्र, माता-पिता एवं बच्चे का आधार कार्ड, परिवार रजिस्टर की नकल, जन्म प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र और मनरेगा जॉब कार्ड अथवा कार्य का प्रमाण पत्र देना होगा। इसके अलावा कक्षा छह के लिए कक्षा पांच की अंकतालिका या अध्ययनरत होने का प्रमाण पत्र तथा कक्षा नौ के लिए कक्षा आठ की अंकतालिका या अध्ययनरत होने का प्रमाण पत्र लगाना अनिवार्य है। शैक्षणिक प्रमाण पत्रों पर यू-डायस कोड और पैन नंबर अंकित होना चाहिए। आवेदन के साथ बच्चे की दो पासपोर्ट साइज फोटो भी जमा करनी होंगी। प्रवेश परीक्षा और आवेदन से संबंधित विस्तृत जानकारी के लिए अभिभावक श्रम प्रवर्तन अधिकारी कार्यालय, जापलिनगंज, बलिया से संपर्क कर सकते हैं।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X