शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
बलरामपुर

Balrampur News:बिना सत्यापन तीन अलग-अलग आय रिपोर्ट देने पर लेखपाल निलंबित – Accountant (lekhpal) Suspended For Submitting Three Different Income Reports Without Verification

November 10, 2026


बलरामपुर। संपूर्ण समाधान दिवस में प्राप्त शिकायत की जांच के दौरान गंभीर लापरवाही सामने आने पर जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन ने लेखपाल के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। बिना स्थलीय सत्यापन किए मात्र नौ दिनों के भीतर एक ही व्यक्ति की वार्षिक आय अलग-अलग दर्शाते हुए तीन रिपोर्ट प्रस्तुत करने के मामले में लेखपाल दीपक कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। साथ ही तहसीलदार उतरौला को मामले की विभागीय जांच सौंपी गई है।

मामला तहसील उतरौला के ग्राम मोहम्मद नगर ग्रिंट क्षेत्र का है। सोमवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में प्रियंका सोनकर ने शिकायत दर्ज कराई थी कि गांव की निवासी सुमन के पक्ष में संबंधित लेखपाल ने महज नौ दिनों के अंतराल में तीन अलग-अलग रिपोर्ट प्रस्तुत कीं। इन रिपोर्टों में सुमन की वार्षिक आय अलग-अलग दर्शाई गई थी। शिकायत में यह भी आरोप लगाया था कि बिना मौके पर जांच किए ही रिपोर्ट लगा दी गई।

शिकायत को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने मामले की जांच और कार्रवाई के निर्देश दिए। जांच में शासकीय दायित्वों के निर्वहन में लापरवाही और कर्मचारी आचरण नियमावली के प्रतिकूल कृत्य पाए जाने पर लेखपाल दीपक कुमार को निलंबित कर दिया गया।

निलंबन अवधि के दौरान उन्हें रजिस्ट्रार कार्यालय उतरौला से संबद्ध किया गया है। वहीं, तहसीलदार उतरौला को जांच अधिकारी नामित करते हुए लेखपाल के खिलाफ आरोप पत्र तैयार कर विभागीय कार्रवाई शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X