Balrampur News:भूगोल के छात्रों ने विंध्य शैलमाला व लखनिया दरी जलप्रपात का किया अध्ययन – Geography Students Studied The Vindhya Mountain Range And The Lakhaniya Dari Waterfall
बलरामपुर। एमएलके महाविद्यालय के भूगोल विभाग के एमए तृतीय सेमेस्टर के छात्र-छात्राओं का चार दिवसीय शैक्षणिक भ्रमण शुक्रवार को संपन्न हुआ। विभागाध्यक्ष प्रो. रेखा विश्वकर्मा के मार्गदर्शन एवं डॉ. अनुज सिंह के नेतृत्व में विद्यार्थियों ने मिर्जापुर, वाराणसी और प्रयागराज के भौगोलिक एवं प्राकृतिक स्वरूपों का अध्ययन किया।
भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने मिर्जापुर के विंध्य पर्वत क्षेत्र और लखनिया दरी जलप्रपात का भ्रमण कर बलुआ पत्थर, चूना पत्थर, चट्टानों की संरचना, जल अपरदन, गॉर्ज और प्लंज पूल जैसी भौगोलिक प्रक्रियाओं का अवलोकन किया। इस दौरान क्षेत्र में मौजूद प्रागैतिहासिक शैलचित्रों के माध्यम से मानव और पर्यावरण के ऐतिहासिक संबंधों को भी समझा।
वाराणसी में विद्यार्थियों ने गंगा नदी के प्रवाह, प्राकृतिक तटबंध और गाद के जमाव का अध्ययन किया। साथ ही ऐतिहासिक घाटों, नगरीय संरचना और धार्मिक पर्यटन के प्रभावों का भी अवलोकन किया। वहीं, प्रयागराज में गंगा-यमुना संगम पर दोनों नदियों के जल के रंग, प्रवाह, अवसाद और जलोढ़ मिट्टी की विशेषताओं का तुलनात्मक अध्ययन किया।
विद्यार्थियों ने कम्पास और जीपीएस की सहायता से रीडिंग लेकर प्राथमिक आंकड़े एकत्र किए तथा फील्ड फोटोग्राफी भी की।
डॉ. अनुज सिंह ने कहा कि सैद्धांतिक ज्ञान को व्यावहारिक रूप से समझने के लिए क्षेत्रीय अध्ययन आवश्यक है। उन्होंने बताया कि भ्रमण के आधार पर विद्यार्थी विस्तृत फील्ड सर्वे रिपोर्ट तैयार कर विभाग में जमा करेंगे।
