Balrampur News:हादसे में पति व सास की मौत, बच्चों की सलामती के लिए बिलखती रही मां – Husband And Mother-in-law Die In Accident; Mother Wails, Praying For The Safety Of Her Children
बलरामपुर। बहराइच रोड पर शनिवार सुबह हादसे में कार सवार पति व सास की मौत के बाद अस्पताल पहुंची नेहा की चीखें हर शख्स का कलेजा चीर रही थीं। हादसे में नेहा के दो मासूम बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। नेहा कभी पति और सास को याद कर फूट-फूटकर रोतीं तो कभी ऑपरेशन थिएटर के बंद दरवाजे को एकटक निहारने लगतीं। वह ईश्वर से मना रही है कि अब किसी तरह उनके दोनों बच्चों की जान बच जाए।
कुछ घंटे पहले तक जिस परिवार के साथ जिंदगी बिताने के सपने थे, वह एक झटके में बिखर गए। पति और सास की मौत के बाद अब नेहा की पूरी उम्मीदें अस्पताल में जिंदगी के लिए संघर्ष कर रहे बेटे और बेटी पर टिकी हैं। शनिवार को जिला मेमोरियल अस्पताल में नेहा का दर्द देखकर वहां मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं।
पति और सास का शव सामने आते ही वह खुद को संभाल नहीं सकीं। बिलखते हुए बार-बार कह रही थीं कि परिवार को शादी समारोह में शामिल होने के लिए घर भेजा था। दो दिन बाद वह खुद भी घर जाने वाली थीं। उन्हें क्या पता था कि जिस परिवार को खुशी-खुशी विदा किया है, उससे दोबारा इस तरह मुलाकात होगी। कुछ घंटों में ही उनकी हंसती-खेलती दुनिया उजड़ जाएगी और घर लौटने की उनकी खुशी मातम में बदल जाएगी।
नेहा के सामने एक साथ दो दुखों का पहाड़ टूट पड़ा था। एक तरफ जीवनसाथी और सास को हमेशा के लिए खोने का असहनीय दर्द था तो दूसरी तरफ ऑपरेशन थिएटर में भर्ती बेटे और बेटी की जिंदगी की चिंता उन्हें पल-पल तोड़ रही थी। नेहा के लिए यह सिर्फ एक हादसा नहीं, बल्कि कुछ ही घंटों में जीवन का सबकुछ छिन जाने जैसा था। पति का साथ छूट गया, सास का साया उठ गया और अब बच्चों की सलामती की आस में अस्पताल के गलियारे में उनकी आंखें पथरा रही थीं।
बच्चों की जिंदगी पर संकट
बलरामपुर। एक सड़क हादसे ने दो मासूम बच्चों के सिर से पिता और दादी का साया छीन लिया। अब दोनों बच्चे अस्पताल में जिंदगी की जंग लड़ रहे हैं। हादसे में घायल 14 वर्षीय दिव्यांश के दोनों पैर टूट गए हैं। सिर में भी गंभीर चोट आई है। वहीं, सात वर्षीय निष्ठा के शरीर पर कई चोटें हैं। दोनों का जिला मेमोरियल अस्पताल में उपचार चल रहा है।
बिहार के पश्चिमी चंपारण जिले के बेतिया स्थित ठाकुराई टोला निवासी अखिलेश कुमार के परिवार के लिए शनिवार की सुबह कभी न भूलने वाला दर्द दे गई। लखीमपुर में शादी समारोह में शामिल होने के बाद परिवार घर लौट रहा था। किसी को अंदाजा नहीं था कि रास्ते में ऐसा हादसा हो जाएगा, जिसमें अखिलेश और उनकी मां पूनम देवी की जान चली जाएगी। हादसे की खबर मिलने के बाद बिहार स्थित उनके घर में भी मातम छा गया।
