Banda News:धूमधाम से निकली भव्य कलश यात्रा, भक्ति और उल्लास में डूबा शहर – Grand ‘kalash Yatra’ Taken Out With Great Fanfare; City Immersed In Devotion And Jubilation
बांदा। शहर के पं. जेएन डिग्री कॉलेज मैदान पर 26 से 30 नवंबर तक आयोजित होने वाली श्रीभक्त चरित्र कथा का बुधवार को भव्य कलश यात्रा के साथ शुभारंभ हो गया। कलश यात्रा में पूरा शहर भक्ति और उल्लास में सराबोर नजर आया। संस्कार संस्कृति सेवा संस्थान की ओर से आयोजित कथा में प्रख्यात कथावाचक पं. इंद्रेश जी महाराज पांच दिन तक शाम चार से साढ़े सात बजे तक कथा का रसपान कराएंगे।
कलश यात्रा अलीगंज स्थित गणेश भवन रामलीला मैदान से शुरू हुई। पीले वस्त्रों में सजीं हजारों महिलाएं सिर पर कलश लेकर यात्रा में शामिल हुईं। डीजे पर बज रहे भक्ति गीतों के बीच श्रद्धालु झूमते हुए आगे बढ़े। यात्रा में घोड़े, हाथी और ऊंट शामिल रहे। करीब दर्जनभर रथों पर संत-महात्मा विराजमान थे। मां काली, राधा-कृष्ण, श्रीराम-सीता और मां सरस्वती की झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं। श्रद्धालुओं ने जगह-जगह आरती-पूजन किया और प्रसाद वितरित किया।
यात्रा गणेश भवन से बाबूलाल चौराहा, कैथी बाजार, चौक बाजार, महेश्वरी देवी मंदिर, रामलीला मैदान, स्टेशन रोड, नया ओवरब्रिज और महाराणा प्रताप चौराहा होते हुए कथा स्थल पहुंची। यहां विशाल भंडारे का आयोजन हुआ। रास्ते में जगह-जगह पुष्पवर्षा कर यात्रा का स्वागत किया गया।
यात्रा की अगुवाई सदर विधायक और कथा के मुख्य संयोजक प्रकाश द्विवेदी, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष सरिता द्विवेदी और भाजपा जिलाध्यक्ष कल्लू सिंह राजपूत ने की। विधान परिषद सदस्य जितेंद्र सिंह सेंगर, भाजपा महिला मोर्चा की क्षेत्रीय कार्यसमिति सदस्य डॉ. जिज्ञासा, बड़ोखर ब्लॉक प्रमुख स्वर्ण सिंह सोनू, नगर पालिका अध्यक्ष मालती गुप्ता बासू और अतर्रा नगर पालिका अध्यक्ष संगीता निराला शामिल रहीं।
विधायक प्रकाश द्विवेदी ने श्रद्धालुओं का आभार जताते हुए अधिक से अधिक लोगों से कथा में पहुंचने की अपील की। उन्होंने समर्थकों के साथ एक माह से गांवों और मोहल्लों में अक्षत बांटकर लोगों को कथा का आमंत्रण दिया था। आयोजकों को आसपास के क्षेत्रों और पड़ोसी राज्यों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है। प्रशासन और स्वयंसेवकों ने यात्रा के दौरान सुरक्षा और व्यवस्था के इंतजाम किए।

फोटो-30-कलश यात्रा में शामिल महिलाएं। स्रोत: आयोजक

फोटो-30-कलश यात्रा में शामिल महिलाएं। स्रोत: आयोजक

फोटो-30-कलश यात्रा में शामिल महिलाएं। स्रोत: आयोजक
