Banda News:मेडिकल कॉलेज में मरीज की मौत पर हंगामा – Uproar At Medical College Following Patient’s Death
बांदा। रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज में शुक्रवार को मरीज की मौत पर परिजन ने हंगामा किया।
उन्होंने इलाज में लापरवाही बरतने और 20 हजार रुपये मांगने का आरोप लगाकर डॉक्टर व स्टाफ नर्स के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
कालिंजर थाना क्षेत्र के कटरा कालिंजर गांव निवासी अभय ने बताया कि चाचा हरिप्रसाद (45) को लिवर और बवासीर की वजह से खून आने की शिकायत थी। उन्हें बृहस्पतिवार रात करीब साढ़े आठ बजे मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया।
ड्यूटी पर तैनात स्टाफ नर्स पंकज व रामबिहारी, जूनियर डॉक्टर सत्यवीर और डॉ. करन राजपूत ने इलाज शुरू किया। घरवालों को डॉक्टरों ने बताया कि मरीज के शरीर में खून की काफी कमी है। खून की व्यवस्था और 20 हजार रुपये जमा कराने होंगे।
अभय का आरोप है कि वह खून और रुपये की व्यवस्था करके रात करीब एक बजे लौटे। नर्सिंग स्टाफ ने बताया कि अब सुबह ही इलाज हो सकेगा। इसके बाद सुबह करीब साढ़े पांच बजे चाचा की मौत हो गई। उन्होंने मेडिकल कॉलेज के प्रधानाचार्य को फोन किया था। उन्होंने आने की बात कही, लेकिन सुबह तक नहीं आए।
वहीं हरिप्रसाद का उपचार करने वाले डॉ. करन राजपूत ने बताया कि मरीज को बवासीर और लिवर में खराबी थी। उनके शरीर में महज दो ग्राम खून था। परिजन से खून की व्यवस्था करने को कहा गया था। वे रात में खून लेकर आए थे, लेकिन मरीज की हालत ठीक नहीं होने के कारण सुबह खून चढ़ाने की बात कही गई। रुपये मांगने का आरोप गलत है। शहर कोतवाली इंस्पेक्टर प्रताप सिंह ने बताया कि परिजन की ओर से तहरीर मिली है। उसमें लगाए गए आरोपों की जांच कराई जा रही है।
गंभीर थी मरीज की हालत
मरीज के शरीर में महज दो ग्राम खून था। परिजन से खून की व्यवस्था कराने को कहा गया था। रात में भर्ती मरीज की सुबह मौत हो गई। उसे बवासीर के साथ लिवर में दिक्कत थी।
डॉ. सुनील कौशल, प्राचार्य, मेडिकल कॉलेज
