सोमवार, 16 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
बस्ती

Basti News:एक ही रात तीन घरों में चोरी नकदी-जेवरात समेट ले गए – Thefts In Three Houses In A Single Night; Cash And Jewelry Taken Away

November 16, 2026


महराजगंज। हर्रैया थाना क्षेत्र के छपिया बुजुर्ग गांव में शनिवार रात तीन घरों में चोरी हो गई। चोर नकदी, जेवरात और अन्य सामान उठा ले गए। एक घर से बॉक्स उठाकर खेत में ले गए और ताला तोड़कर नकदी व सोने की अंगूठियां निकाल लीं। दूसरे घर में बरामदे में सो रहे परिजनों को भनक तक नहीं लगी और चोर चांदी की पायल व नकदी समेट ले गए। तीसरे घर से बैग चोरी कर उसे गन्ने के खेत में फेंक दिया। रविवार सुबह वारदात की जानकारी होने पर गांव के लोग सन्न रह गए।

गांव के गिरिराज यादव ने बताया कि परिवार के लोग गांव में ही उनके भाई के घर आयोजित बरही कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। घर पर सुशीला अकेली थीं। मकान निर्माणाधीन होने के कारण उसमें अभी दरवाजे नहीं लगे हैं। इसी का फायदा उठाकर चोर घर में घुसे और कमरे में रखा बॉक्स उठाकर बगल के खेत में ले गए। वहां ताला तोड़कर उसमें रखे 10 हजार रुपये और सोने की दो अंगूठियां निकाल लीं। सुबह खेत में बॉक्स और सामान बिखरा मिलने पर वारदात की जानकारी हुई। परिजनों को घर के पास नाली में पैरों के निशान भी मिले।

इसी गांव के अमित कुमार के घर को भी चोरों ने निशाना बनाया। उनके भाई और मां परिवार के अन्य सदस्यों के साथ बरामदे में सो रहे थे। चोर बरामदे का दरवाजा खोलकर घर में घुसे और चांदी की पायल व एक हजार रुपये लेकर चले गए। वहीं, फुलवारी पत्नी पलटूराम के घर के बरामदे में टंगा बैग भी चोर उठा ले गए। सुबह तलाश करने पर बैग गन्ने के खेत में मिला लेकिन उसमें रखा एक पैकेट गायब था।

एक ही रात में तीन घरों में चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों में भय का माहौल है। पीड़ित परिवारों ने पुलिस को सूचना दी। गिरिराज यादव के परिजनों ने डायल 112 पर फोन किया। सूचना पर हर्रैया पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थलों का निरीक्षण किया। प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार ने बताया कि अभी तक किसी भी मामले में तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। पुलिस वारदात की जांच कर रही है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X