Bhadohi News:11 डिग्री पर पहुंचा पारा, ठंड से लोगों की मुश्किलें बढ़ीं अलाव के सहारे कट रही रात – Mercury Drops To 11 Degrees; The Cold Adds To People’s Hardships, With Many Spending The Night Around Bonfires
ज्ञानपुर। जिले में शुक्रवार की रात इस सीजन की सबसे ठंडी रात रही। न्यूनतम तापमान गिरकर 11 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। ठंडी हवाओं और बढ़ती सिहरन ने लोगों को ठिठुरने पर मजबूर कर दिया है।
बीते तीन दिनों में रात के तापमान में पांच डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है। सुबह कोहरे की चादर छाने से आवागमन में भी परेशानी हो रही है। आईएमडी के अनुसार, शुक्रवार की रात इस सीजन की सबसे ठंडी रही। तापमान में गिरावट और हवा में नमी के कारण ठंड का असर बढ़ गया है। शाम होते ही लोग अलाव के पास बैठने लगे हैं।
बाजारों में भी सन्नाटा पसरने लगता है। रात नौ बजे तक ग्रामीण अंचलों के बाजारों में ज्यादातर दुकानें बंद हो जाती हैं। ठंड से बचने के लिए लोग गर्म कपड़े, शॉल, स्वेटर और टोपी का सहारा ले रहे हैं। चाय की दुकानों पर भीड़ बढ़ गई है।
तापमान के आंकड़ों के अनुसार, बुधवार को न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस था।
बृहस्पतिवार को यह दो डिग्री गिरकर 14 डिग्री और शुक्रवार को दो डिग्री गिरकर 12 डिग्री पर पहुंच गया।
शनिवार को इसमें एक डिग्री की और गिरावट दर्ज की गई और तापमान 11 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं, अधिकतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस पर स्थिर है।
सुबह और शाम ठंड का असर सबसे अधिक महसूस हो रहा है।
अचानक बढ़ी ठंड से सर्दी, जुकाम, खांसी और बुखार के मरीजों की संख्या बढ़ने लगी है। जिला अस्पताल के डॉ. प्रदीप यादव ने बताया कि ऐसे मौसम में बच्चों और बुजुर्गों की सेहत को लेकर विशेष रूप से सजग रहना चाहिए। कृषि विज्ञान केंद्र बेजवां के प्रभारी डॉ. अजय कुमार ने बताया कि शनिवार को अधिकतम तापमान 26 डिग्री और न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिसंबर की शुरुआत में ठंड और बढ़ने के आसार हैं।
