गाजीपुर। ठंड का मौसम शुरू होते ही शहर में विदेशी कारोबारियों ने भी दस्तक दे दी है। शहर के मिश्रबाजार में नेपाली बाजार सज चुका है, जहां गर्म कपड़ों की खरीदारी के लिए लोगों को स्वेटर, जैकेट समेत सर्दियों में इस्तेमाल होने वाले कपड़ों के विकल्प मिल रहे हैं। हर साल ठंड के मौसम में नेपाल से कारोबारी यहां पहुंचते हैं और गर्म कपड़ों की दुकानें लगाते हैं। शहर के मिश्रबाजार में अस्थायी रूप से नेपाली कारोबारियों ने गर्म कपड़ों का बाजार सजाया हुआ है। नेपाली बाजार में करीब 20 दुकानें हैं। कपड़ा कारोबारी सीता व रमन थापा ने बताया कि वह तीन वर्षों से यहां आ रहे हैं। सर्दी के हर सीजन में अस्थायी मार्केट बनाते हैं। दुकानों पर ठंड से बचाव को लेकर विभिन्न प्रकार के गर्म कपड़ों की बिक्री की जाती है। स्वेटर, जैकेट, दस्ताना, ऊनी मोजे, स्कार्फ, ऊलेन सूट आदि गर्म कपड़े उपलब्ध हैं। 400 से लेकर 1700 रुपये तक में गर्म कपड़ों की बिक्री की जा रही है। इस बार भी उनको अच्छा कारोबार होने की उम्मीद है।