Bhiwani News:नागरिक अस्पताल में पेट रोग विशेषज्ञ का का पद खाली, गंभीर मरीजों को करना पड़ रहा रोहतक पीजीआई का रुख – The Position Of A Gastroenterologist At The Civil Hospital Is Vacant, Forcing Patients With Serious Conditions To Head To Pgi Rohtak
भिवानी। जिला नागरिक अस्पताल एवं मेडिकल कॉलेज में पेट रोग विशेषज्ञ का पद लंबे समय से रिक्त होने के कारण पेट संबंधी गंभीर बीमारियों से जूझ रहे मरीजों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। अस्पताल में गैस्ट्रोएंटेरोलॉजिस्ट (पेट रोग विशेषज्ञ) नहीं होने के कारण मरीजों को विशेषज्ञ परामर्श और उपचार नहीं मिल पा रहा है। स्थिति यह है कि रोजाना ओपीडी में पेट संबंधी बीमारियों से पीड़ित 40 से 45 मरीज पहुंच रहे हैं, लेकिन उनका उपचार सामान्य चिकित्सकों के भरोसे है। बीमारी की जटिलता बढ़ने पर मरीजों को निजी अस्पतालों या रोहतक पीजीआई का रुख करना पड़ता है। इसका सबसे अधिक खामियाजा आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों को भुगतना पड़ रहा है।
अस्पताल में रोजाना पेट दर्द, अल्सर, लिवर और आंतों से जुड़ी समस्याओं के मरीज उपचार के लिए पहुंचते हैं। सुपर स्पेशलिस्ट या गैस्ट्रोएंटेरोलॉजिस्ट उपलब्ध नहीं होने के कारण सामान्य चिकित्सक अपनी योग्यता के अनुसार मरीजों को परामर्श और उपचार दे रहे हैं। विशेषज्ञ की देखरेख के अभाव में जटिल बीमारियों की पहचान और उपचार में परेशानी आती है। कई मामलों में मरीजों की स्थिति गंभीर होने पर उन्हें बड़े चिकित्सा संस्थानों में रेफर करना पड़ता है। ऐसे में मरीजों को समय और पैसे दोनों खर्च करने पड़ रहे हैं।
निजी अस्पतालों का रुख करने को मजबूर गरीब मरीज
स्थानीय निवासी रविंद्र कुमार, उमेश और विवेक ने बताया कि नागरिक अस्पताल में पेट रोग विशेषज्ञ नहीं होने का सबसे ज्यादा नुकसान आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के मरीजों को उठाना पड़ रहा है। सामान्य ओपीडी में उपचार के बाद भी राहत नहीं मिलने पर मरीजों को मजबूरी में निजी अस्पतालों का रुख करना पड़ता है। वहां जांच और उपचार के लिए उन्हें मोटी फीस चुकानी पड़ती है। वहीं, निजी अस्पतालों का खर्च उठाने में असमर्थ मरीज रोहतक पीजीआई या अन्य बड़े सरकारी अस्पतालों के चक्कर काटने को मजबूर हैं। इससे मरीजों को शारीरिक परेशानी के साथ आर्थिक नुकसान भी उठाना पड़ रहा है।
विभाग को भेजी जा चुकी है रिक्त पदों की मांग
नागरिक अस्पताल प्रभारी डॉ. बलवान सिंह ने बताया कि पेट संबंधी बीमारियों से पीड़ित मरीजों को अस्पताल में परामर्श दिया जा रहा है। चिकित्सकों के रिक्त पदों को भरने के लिए विभाग को मांग भेजी जा चुकी है।
