Bijnor News:मेडिकल कॉलेज में 49 पदों पर निकली भर्ती, 17 दिसंबर तक करें आवेदन – 49 Posts To Be Filled At The Medical College; Apply By December 17
-13 प्रोफेसर, 17 एसोसिएट और 19 असिस्टेंट प्रोफेसर के पदों पर होनी है नियुक्ति
-अब तक 14 अभ्यर्थियों ने किया आवेदन, एमबीबीएस के तीसरे बैच के प्रवेश के बाद बढ़ाई जा रही फैकल्टी
संवाद न्यूज एजेंसी
बिजनौर। महात्मा विदुर स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय में फैकल्टी की कमी दूर करने के लिए नियमित पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू की गई है। चिकित्सा शिक्षा की गुणवत्ता को बेहतर बनाने के लिए 49 पदों पर भर्ती होनी है। इन पदों के लिए इच्छुक अभ्यर्थी 17 दिसंबर तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। भर्ती प्रक्रिया के तहत अब तक 14 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है।
मेडिकल कॉलेज में अलग-अलग विभागों के लिए प्रोफेसर, एसोसिएट प्रोफेसर और असिस्टेंट प्रोफेसर के पदों पर नियुक्तियां की जानी हैं। इनमें 13 प्रोफेसर, 17 एसोसिएट प्रोफेसर और 19 असिस्टेंट प्रोफेसर के पद शामिल हैं। इन पदों पर भर्ती होने से विभिन्न विभागों में फैकल्टी की उपलब्धता बढ़ेगी। इससे विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ ही चिकित्सा संबंधी प्रशिक्षण का भी बेहतर अवसर मिल सकेगा।
दरअसल, मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस के तीसरे बैच के विद्यार्थियों ने भी प्रवेश ले लिया है। विद्यार्थियों की संख्या बढ़ने के साथ ही शैक्षणिक गतिविधियां भी बढ़ी हैं। ऐसे में कॉलेज में पर्याप्त फैकल्टी की जरूरत महसूस की जा रही है। इसी को देखते हुए शिक्षकों के रिक्त पदों को भरने की प्रक्रिया शुरू की गई है।
एक माह बढ़ाई आवेदन की तिथि
मेडिकल कॉलेज में फैकल्टी की भर्ती के लिए 17 नवंबर तक आवेदन मांगे गए थे। अब तारीख बढ़ाकर 17 दिसंबर कर दी गई है। इच्छुक अभ्यर्थी मेडिकल कॉलेज की वेबसाइट www.mvasmcbijnor.org से आवेदन प्रपत्र प्राप्त कर सकते हैं। इसके बाद सभी प्रमाण पत्रों के साथ प्रपत्र भरकर प्राचार्या कार्यालय में जमा करें।
वर्तमान में 56 चिकित्सक कर रहे कार्य
मेडिकल कॉलेज में वर्तमान में नियमित और संविदा पदों पर 56 चिकित्सक कार्य कर रहे हैं। इसमें से 39 नियमित और 17 संविदा पदों पर चिकित्सकों की तैनाती है। नई भर्ती के बाद फैकल्टी की संख्या में इजाफा होगा। इसका सीधा लाभ एमबीबीएस के विद्यार्थियों को मिलेगा।
वर्जन::
मेडिकल कॉलेज में फैकल्टी पदों के लिए 17 दिसंबर तक आवेदन कर सकते हैं। प्रोफेसर, एसोसिएट प्रोफेसर, असिस्टेंट प्रोफेसर पदों पर आवेदन मांगे गए हैं। फिलहाल अभी 14 लोगों ने आवेदन किए हैं। – डॉ. ललिता चौधरी, प्राचार्या, मेडिकल कॉलेज, बिजनौर
