शुक्रवार, 20 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
प्रतापगढ़

Pratapgarh News:आयुष्मान आरोग्य मंदिर में 14 प्रकार की जांचों का दावा, हकीकत में ताला – Ayushman Arogya Mandir Claims To Offer 14 Types Of Medical Tests; In Reality, It Remains Locked

November 20, 2026


ग्रामीणों की सहूलियत के लिए स्वास्थ्य विभाग जिले में 280 आयुष्मान आरोग्य मंदिर का निर्माण कराया है। पांच लाख की आबादी पर 5.40 लाख की लागत से आयुष्मान आरोग्य मंदिर तैयार किए गए। मगर 280 में 218 पर ही कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर (सीएचओ) की तैनाती हो सकी। संवाद न्यूज एजेंसी की पड़ताल में चार सेंटर पर ताला लटका मिला। एक जगह सीएचओ बिजली कटने के बाद अंधेरे में बैठे मिले।

जीएनएम की पढ़ाई करने वाले छात्रों को सीएचओ पद की जिम्मेदारी दी जाती है। उन्हें मरीजों का बीपी और मधुमेह जांच के साथ सर्वाइकल कैंसर जांच करने सर्दी, जुकाम व बुखार के मरीजों को दवा देने के लिए निर्देश विभाग की ओर से दिए गए हैं। जांच में बीपी और मधुमेह बढ़ने पर सीएचसी रेफर करने के लिए सीएमओ की ओर से निर्देश है।

इन सुविधाओं के दावे

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, आयुष्मान आरोग्य मंदिर में 14 प्रकार की जांचें और 84 तरह की दवाएं मुफ्त देने का दावा है। पड़ताल में दावा खोखला निकला। चार केंद्रों में ताले मिले। बुखार, शुगर और बीपी की जांच के लिए पहुंचे मरीजों को बैरंग लौटना पड़ा।

आयुष्मान आरोग्य मंदिर पर होने वाली जांच का नाम

– ब्लड शुगर, हीमोग्लोबिन, मलेरिया, डेंगू, एचआईवी, सिफलिस, हेपेटाइटिस, लिवर फंक्शन टेस्ट जांच।

– ब्लड प्रेशर, शुगर और हाइपरटेंशन की जांच।

– मुख और गर्भाशय ग्रीवा कैंसर जैसी प्रमुख स्क्रीनिंग जांचें।

– टीबी और कुष्ठ रोग की जांच व स्क्रीनिंग।

– आंख, कान-नाक-गला से जुड़ी जांच।

इनसेट

पड़ताल:

आयुष्मान आरोग्य मंदिर मंदाह दोपहर 12 बजे

यहां सीएचओ की तैनाती नहीं हुई है। तीन माह पहले यहां तैनात एएनएम गीता रिटायर्ड हो गई। इससे ताला बंद रहता है। सीएचसी अधीक्षक कोहड़ौर डॉ. देवेंद्र सिंह पटेल ने बताया कि सप्ताह भर के अंदर नई एएनएम की तैनाती की जाएगी।

आरोग्य मंदिर दुर्गागंज : दोपहर 12 बजे

आरोग्य मंदिर के मुख्यद्वार पर ताला लटक रहा था। यहां तैनात सीएचओ अनीता सिंह ड्यूटी पर नहीं आई थीं। फोन पर बात करने पर उन्होंने कहा कि अवकाश लेकर बच्चे का इलाज कराने प्रयागराज आई हूं।

आरोग्य मंदिर मुरस्सापुर : दोपहर एक बजे

एएनएम और सीएचओ की तैनाती है। एएनएम ने अपना नाम बताने से इन्कार करते हुए कहा कि सीएचओ के आने और जाने का समय तय नहीं है। अभी तक नहीं आई है। सिर्फ एएनएम सेंटर खुला है।

आरोग्य मंदिर परियावां : दोपहर पौने दो बजे

आयुष्मान आरोग्य मंदिर के मुख्यद्वार पर ताला लटक रहा था। यहां तैनात सीएचओ नहीं आई थीं। इससे इलाज कराने आने वाले मरीजों को निराश होकर लौटना पड़ा। उनसे संपर्क भी नहीं हो सका।

आरोग्य मंदिर पटहटिया कला : दोपहर दो बजे

यहां सीएचओ अंधेरे में बैठे थे। बिजली नहीं थी। इनवार्टर की सुविधा नहीं हैं। मरीज भी नहीं आए थे।

आरोग्य मंदिर : कोनी दोपहर डेढ़ बजे

यहां तैनात सीएचओ राखी अवस्थी मरीजों की बीपी और मधुमेह की जांच करती मिली। मरीजों ने बताया कि नियमित आती हैं और मरीजों का इलाज भी करती हैं।

बोले मरीज

बुखार से पीड़ित हूं। आयुष्मान आरोग्य मंदिर दुर्गागंज इलाज कराने आया था। सुबह 11:30 बजे तक ताला लटका रहा। इलाज कराने के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र जाना पड़ा। – राजीव विश्वकर्मा, सिंगाही।

मंदाह आयुष्मान आरोग्य मंदिर कभी नहीं खुलता है। ताला बंद रहता है। अंदर झाड़ी उग आई है। – विमल तिवारी, मंदाह

जिन केंद्रों के सीएचओ बगैर अवकाश लिए ड्यूटी से गायब थे। उनकी जांच कराई जाएगी। जांच में दोषी मिलने पर वेतन रोका जाएगा।

डॉ. रंजीत यादव, डीपीएम।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X