Pilibhit News:सहालग शुरू होते ही दालों पर महंगाई का तड़का, रसोई का बजट भी बिगड़ा – As The Wedding Season Begins, A Price Surge Hits Pulses, Throwing Kitchen Budgets Off Balance
पीलीभीत। सहालग की शुरुआत होते ही बाजार में दालों के दाम बढ़ने से आम आदमी की जेब पर महंगाई का बोझ बढ़ गया है। मांगलिक कार्यक्रमों में व घरों में रोजाना इस्तेमाल होने वाली दालों की कीमतों में उछाल से लोगों का रसोई का बजट गड़बड़ाने लगा है। किराना बाजार में खरीदारी के लिए पहुंच रहे लोग अब जरूरत के मुताबिक ही दालें खरीद रहे हैं, महंगी दालों से दूरी बनाने के साथ ही लोग कम मात्रा में खरीदारी कर रहे हैं।
दालें हर घर की रसोई का अहम हिस्सा हैं, सुबह से लेकर रात के भोजन तक इनका इस्तेमाल होता है। ऐसे में पिछले एक सप्ताह में फिर एक बार दालों के दाम में सीधे तौर पर बढ़ोतरी हो गई है। बाजार में मसूर, राजमा और उड़द के दामों में सबसे अधिक तेजी बताई जा रही है। वहीं अरहर और चने की दाल भी लोगों की जरूरत का हिस्सा बनी हुई हैं।
21 नवंबर से सहालग शुरू होने के साथ ही शादी-विवाह के आयोजनों में दालों की खपत बढ़ने लगी है, मांगलिक कार्यक्रमों में मेहमानों के भोजन की व्यवस्था के लिए बड़ी मात्रा में दालों की खरीदारी की जाती है। दालों के बढ़े दाम से सहालग में लोगों पर महंगाई का आर्थिक बोझ भी बढ़ा है। बाजार में दालों के थोक व्यापारी अभिषेक अग्रवाल का कहना है कि बाजार में पहले से महंगाई है ऐसे में सहालग में थोड़ा बहुत काम व्यापारियों का होता भी है तो दाल के दामों में बढ़ोतरी से अब फिर खरीद कम होने की उम्मीद है। कारोबारी सुशील भारद्वाज का कहना है कि बाजार में सहालग के समय किराने का काफी काम होता है ऐसे में दाल की महंगाई आ ग्राहकों की खरीद पर दिखने लगी है।
000000
पिछले दस दिनों में प्रति किलोग्राम दालों के दाम में अंतर
दस दिन पहले वर्तमान में दाम
मूंगदाल 100 115-120
चनादाल 90 100-110
उड़द दाल 120 125-140
अरहर दाल 120 140-160
राजमा 120 150-160
मसूर दाल 80-120 90-140
लूविया 90 110
मलका 80 90
नोट – दालों के दाम व्यापारी की ओर से बताए गए हैं।
