Bilaspur News:एम्स में मरीजों को किडनी रोग और बुखार से बचाव के बताए उपाय – Measures To Protect Against Kidney Disease And Fever Explained To Patients At Aiims
नर्सिंग के द्वितीय वर्ष के विद्यार्थियों ने स्वास्थ्य शिक्षा सत्र में दी महत्वपूर्ण जानकारियां
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। एम्स बिलासपुर में मरीजों और तीमारदारों को गंभीर बीमारियों के प्रति जागरूक करने के लिए स्वास्थ्य शिक्षा सत्र आयोजित किया गया। इसमें कॉलेज ऑफ नर्सिंग के बीएससी नर्सिंग द्वितीय वर्ष के विद्यार्थियों ने क्रॉनिक किडनी डिजीज (सीकेडी) और एक्यूट फेब्राइल इलनेस के कारण, लक्षण, जटिलताओं और बचाव के उपायों की जानकारी दी। विद्यार्थियों ने बताया कि किडनी रोग की समय रहते पहचान और नियमित चिकित्सकीय परामर्श बेहद जरूरी है। मरीजों को संतुलित आहार लेने, नमक का सेवन सीमित रखने और डॉक्टर की सलाह के अनुसार प्रोटीन, पोटाशियम व फास्फोरस की मात्रा नियंत्रित करने की जानकारी दी गई। साथ ही ब्लड प्रेशर और ब्लड शुगर नियंत्रित रखने तथा बिना चिकित्सकीय सलाह के दर्द निवारक दवाइयों का सेवन न करने की हिदायत दी गई। वहीं, अचानक होने वाले बुखार से बचाव के लिए व्यक्तिगत स्वच्छता, हाथों की सफाई, सुरक्षित पेयजल और आसपास साफ-सफाई रखने के महत्व पर प्रकाश डाला गया। विद्यार्थियों ने मच्छरों के पनपने वाले स्थानों को समाप्त करने और पर्याप्त मात्रा में तरल पदार्थ लेने की सलाह दी। उन्होंने बताया कि लगातार तेज बुखार, सांस लेने में परेशानी, बेहोशी, अत्यधिक कमजोरी या शरीर में पानी की कमी होने पर तुरंत डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए। यह गतिविधि एम्स के कार्यकारी निदेशक लेफ्टिनेंट जनरल (डॉ.) दलजीत सिंह, कॉलेज ऑफ नर्सिंग की प्रधानाचार्य डॉ. मोनालिजा और एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. मोनिका शर्मा के मार्गदर्शन में आयोजित की गई। इसका उद्देश्य मरीजों और उनके परिजनों को बीमारियों की रोकथाम, समय पर उपचार और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करना रहा।
