रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Bilaspur News:धुंध के आगोश में बिलासपुर, वाहन चालकों ने दिन में जलाई लाइटें – Bilaspur Shrouded In Fog; Motorists Turn On Vehicle Lights During The Day
बिलासपुर (हिमाचल प्रदेश)

Bilaspur News:धुंध के आगोश में बिलासपुर, वाहन चालकों ने दिन में जलाई लाइटें – Bilaspur Shrouded In Fog; Motorists Turn On Vehicle Lights During The Day

November 27, 2026


सुबह 11 बजे तक छाई रही धुंध, कीरतपुर-मनाली फोरलेन पर 20 मीटर तक ही दिखा रास्ता

क्षेत्रीय अस्पताल में सूखी ठंड से त्वचा रोगियों की बढ़ी संख्या

संवाद न्यूज एजेंसी

बिलासपुर/ऋषिकेश। जिले में वीरवार सुबह मौसम ने अचानक करवट ली। सुबह से ही पूरा जिला धुंध की चादर में लिपटा रहा। हालात ऐसे रहे कि सुबह 11 बजे तक धुंध का असर बना रहा और लोगों को घरों से बाहर निकलने में परेशानी हुई। सड़कों पर दृश्यता कम होने के कारण वाहन चालकों को भी काफी एहतियात बरतनी पड़ी। कीरतपुर-मनाली फोरलेन पर दिन में ही वाहनों की लाइटें जलाकर चालक सफर करते नजर आए। फोरलेन पर सुबह के समय दृश्यता 20 मीटर तक रही।

सुबह के समय धुंध इतनी अधिक थी कि कुछ दूरी पर भी साफ दिखाई देना मुश्किल हो रहा था। नौकरीपेशा लोगों, विद्यार्थियों और जरूरी काम से घरों से निकलने वाले लोगों को परेशानी झेलनी पड़ी। फोरलेन पर वाहन चालकों को कम दृश्यता के बीच सफर करना पड़ा। ऐसे में हादसों की आशंका भी बनी रही। वाहन चालकों ने लाइटें जलाकर और गति धीमी रखकर अपने गंतव्य तक पहुंचने का प्रयास किया। हालांकि, सुबह करीब 11 बजे के बाद धुंध छंटने लगी और मौसम साफ होने से लोगों को राहत मिली। दूसरी ओर, जिले में बारिश न होने के कारण सूखी ठंड का असर बढ़ता जा रहा है। सुबह और शाम के समय ठंड अधिक महसूस हो रही है। मौसम में नमी की कमी के कारण त्वचा में रूखापन और खुजली जैसी समस्याएं भी बढ़ रही हैं। इसका असर क्षेत्रीय अस्पताल बिलासपुर की ओपीडी में भी देखने को मिल रहा है। अस्पताल की स्किन ओपीडी में रोजाना करीब 70 मरीज उपचार के लिए पहुंच रहे हैं। वहीं, जनरल ओपीडी में प्रतिदिन करीब 150 मरीज आ रहे हैं। जनरल ओपीडी में सर्दी-जुकाम सहित मौसमी बीमारियों से परेशान मरीज भी शामिल हैं। वहीं क्षेत्रीय अस्पताल में हर दिन सभी विभागों की 700 के करीब ओपीडी हो रही है। मौसम में लगातार बदलाव और बारिश न होने से लोगों को स्वास्थ्य के प्रति सतर्क रहने की जरूरत है। ठंड से बचाव के लिए गर्म कपड़े पहनने के साथ पर्याप्त मात्रा में पानी पीना जरूरी है। त्वचा को रूखेपन से बचाने के लिए मॉइस्चराइजर का इस्तेमाल करना चाहिए। वहीं, सर्दी-जुकाम के लक्षण बने रहने पर चिकित्सकीय परामर्श लेना चाहिए।

इनसेट

धुंध में फोरलेन पर सफर करते समय बरतें सावधानी

वाहन की हेडलाइट लो बीम पर रखें और जरूरत के अनुसार फॉग लैंप का इस्तेमाल करें। वाहन की गति नियंत्रित रखें और आगे चल रहे वाहन से उचित दूरी बनाए रखें। विंडस्क्रीन और शीशों को साफ रखें। अचानक ब्रेक लगाने के बजाय धीरे-धीरे गति कम करें। दृश्यता बेहद कम होने पर सुरक्षित स्थान पर वाहन रोकें। धुंध में तेज रफ्तार से वाहन न चलाएं। आगे चल रहे वाहन को ओवरटेक करने से बचें। हाई बीम लाइट का इस्तेमाल न करें। सड़क पर वाहन खड़ा करने पर उसे बिना पार्किंग लाइट या उचित संकेत के न छोड़ें। वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल न करें।

अभिषेक धीमान, पुलिस अधीक्षक बिलासपुर

इनसेट

सूखी ठंड में सर्दी-जुकाम और त्वचा रोगों से ऐसे करें बचाव

सुबह और शाम गर्म कपड़े पहनें और शरीर को ठंड से बचाकर रखें। खांसते और छींकते समय मुंह व नाक ढकें। हाथों की नियमित सफाई करें। पर्याप्त मात्रा में पानी और गर्म तरल पदार्थों का सेवन करें। नहाने के बाद त्वचा पर मॉइस्चराइजर या क्रीम लगाएं। बहुत गर्म पानी से न नहाएं, इससे त्वचा का प्राकृतिक तेल कम हो सकता है। त्वचा में अधिक खुजली या लालिमा होने पर चिकित्सक से परामर्श लें। सर्दी-जुकाम लंबे समय तक रहने या सांस लेने में परेशानी होने पर चिकित्सकीय सलाह लें।

डॉक्टर एके सिंह, एमएस, क्षेत्रीय अस्पताल, बिलासपुर

कीरतपुर मनाली फोरलेन पर वीरवार सुबह छाई धुंध। संवाद

कीरतपुर मनाली फोरलेन पर वीरवार सुबह छाई धुंध। संवाद

कीरतपुर मनाली फोरलेन पर वीरवार सुबह छाई धुंध। संवाद

कीरतपुर मनाली फोरलेन पर वीरवार सुबह छाई धुंध। संवाद

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X