शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
बिलासपुर (हिमाचल प्रदेश)

Bilaspur News:सहारा योजना के लाभार्थियों को वर्ष में दो बार देने होंगे दस्तावेज – Beneficiaries Of The Sahara Scheme Will Be Required To Submit Documents Twice A Year

November 8, 2026


बिलासपुर। मुख्यमंत्री सहारा योजना का लाभ निर्बाध रूप से जारी रखने के लिए लाभार्थियों को साल में दो बार अपने आवश्यक दस्तावेज ई-कल्याण पोर्टल पर अपलोड करने होंगे। इसके लिए अप्रैल और सितंबर माह निर्धारित किए गए हैं, जिनकी अनदेखी करने पर आर्थिक सहायता रुक सकती है।

जिला कल्याण अधिकारी रमेश चंद बंसल ने बताया कि प्रदेश सरकार की इस योजना के तहत गंभीर बीमारियों से पीड़ित आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को उपचार के लिए तीन हजार रुपये प्रतिमाह दिए जाते हैं। पार्किंसन, कैंसर, पक्षाघात, मस्कुलर डिस्ट्रॉफी, हीमोफीलिया, थैलेसीमिया और गंभीर गुर्दा रोगों से पीड़ित पात्र व्यक्ति इसका लाभ उठा सकते हैं। वर्तमान में बिलासपुर जिले के 462 लाभार्थी इस योजना से जुड़े हैं।

उन्होंने बताया कि सभी लाभार्थियों को हर साल अप्रैल और सितंबर में राजपत्रित अधिकारी की ओर से जारी नवीनतम जीवित प्रमाण पत्र, वैध बीपीएल या आय प्रमाण पत्र और निरंतर उपचार का मेडिकल रिकॉर्ड पोर्टल पर अपलोड करना होगा। यह प्रक्रिया स्वयं या नजदीकी लोकमित्र केंद्र के माध्यम से पूरी की जा सकती है।

नए आवेदन के इच्छुक पात्र व्यक्ति हिम परिवार के ई-कल्याण पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए आधार कार्ड, नवीनतम मेडिकल रिकॉर्ड, हिमाचली प्रमाण पत्र, बीपीएल या चार लाख रुपये से कम वार्षिक आय प्रमाण पत्र, राशन कार्ड, आयु प्रमाण पत्र, परिवार नकल और सक्रिय एकल बैंक या डाकघर खाता अनिवार्य है। अधिक जानकारी के लिए जिला या तहसील कल्याण अधिकारी कार्यालय में संपर्क किया जा सकता है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X