Bilaspur News:हिमाचल के पैरा खिलाड़ियों ने श्रीलंका में चमकाया देश का नाम – Para-athletes From Himachal Bring Glory To The Nation In Sri Lanka
दक्षिण एशियाई पैरा थ्रोबॉल चैंपियनशिप में पुरुष टीम ने जीता स्वर्ण, महिला टीम ने हासिल किया रजत पदक
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। आर्थिक तंगी और सीमित संसाधनों की चुनौतियों को पीछे छोड़ हिमाचल के दिव्यांग खिलाड़ियों ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश का नाम रोशन किया है। श्रीलंका में आयोजित द्वितीय दक्षिण एशियाई पैरा थ्रोबॉल चैंपियनशिप में भारतीय पुरुष टीम ने स्वर्ण और महिला टीम ने रजत पदक जीता। प्रतियोगिता में हिमाचल के चार खिलाड़ियों ने भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व किया।
श्रीलंका के रत्नापुरा स्थित इंडोर स्टेडियम में 19 से 21 नवंबर तक आयोजित प्रतियोगिता में रंजना ठाकुर (बिलासपुर), माला भागती (किन्नौर), जसवीर सिंह (सिरमौर) और ज्योति ठाकुर (कुल्लू) भारतीय टीम का हिस्सा बने। चारों खिलाड़ी डिसेबल्ड स्पोर्ट्स एसोसिएशन हिमाचल प्रदेश के माध्यम से प्रतियोगिता में शामिल हुए।
अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए खिलाड़ियों के सामने विदेश यात्रा और अन्य खर्च जुटाना बड़ी चुनौती थी। ऐसे में झंडूता के विधायक जीतराम कटवाल, सिरमौर के विधायक सुखराम चौधरी, साईं इंटरनल फाउंडेशन शिमला, कार सेवा दल कुल्लू, बंटी शिराजी कुल्लू और गुरदीप पांवटा साहिब ने आर्थिक सहयोग दिया। एसोसिएशन ने सभी सहयोगियों का आभार जताया।
प्रतियोगिता का आयोजन श्रीलंका पैरा थ्रोबॉल फेडरेशन ने किया। एसोसिएशन ने पैरा थ्रोबॉल फेडरेशन ऑफ इंडिया के अध्यक्ष डॉ. वी. अल्बर्ट प्रेमकुमार और रेडक्रॉस के सचिव अमित कुमार का भी आभार जताया।
एसोसिएशन की अध्यक्ष रचना कुमारी ने पदक विजेता खिलाड़ियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि हिमाचल के दिव्यांग खिलाड़ियों में प्रतिभा और आगे बढ़ने का जज्बा है। उन्हें उचित मंच, संसाधन और प्रोत्साहन की जरूरत है।
