Bulandshahar News:स्याना में बच्चों से भरी स्कूल की गाड़ी पलटी, छात्रा समेत चार घायल – School Vehicle Full Of Children Overturns In Syana; Four Injured, Including A Female Student
स्याना। थाना क्षेत्र में बृहस्पतिवार सुबह गांव चिंगरावठी से बच्चों को लेकर किसौला स्थित एलिंगुवा पब्लिक स्कूल जा रही टाटा सूमो गाड़ी गांव नयाबांस के समीप अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार गाड़ी में क्षमता से अधिक बच्चे सवार थे, जिनमें एक छात्रा समेत तीन से चार बच्चे लहूलुहान हो गए। वहीं, बिना पंजीकरण वाहन संचालित होने के कारण स्कूल प्रबंधन पूरे मामले पर पर्दा डालने में जुटा है।
बृहस्पतिवार सुबह रोजाना की तरह एलिंगुवा पब्लिक स्कूल की सूमो गाड़ी बच्चों को लेकर स्कूल जा रही थी। गांव नयाबांस के पास तेज रफ्तार होने के कारण चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और गाड़ी पलट गई। शुरुआत में राहगीर इसे सामान्य निजी वाहन समझ रहे थे, लेकिन गाड़ी के भीतर से बच्चों के कराहने और मदद की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग दौड़ पड़े। ग्रामीणों और राहगीरों ने कड़ी मशक्कत के बाद गाड़ी में फंसे बच्चों को बाहर निकाला। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसे में एक छात्रा समेत तीन से चार बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। आनन-फानन में एक निजी वाहन की मदद से घायल बच्चों को उपचार के लिए भिजवाया गया और स्कूल प्रबंधन को सूचना दी गई। हादसे के बाद जब स्कूल प्रबंधन से संपर्क किया गया, तो पहले दुर्घटना होने से ही साफ इन्कार कर दिया गया। बाद में दबाव बढ़ने पर प्रबंधन ने गाड़ी पलटने की बात तो स्वीकार कर ली, लेकिन घायल बच्चों के नाम, उनकी स्थिति और इलाज के स्थान के बारे में चुप्पी साध ली। प्रबंधन किसी भी बच्चे के चोटिल होने की बात से इन्कार कर रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों और स्कूल प्रबंधन के बयानों में विरोधाभास से अभिभावकों में रोष है। उधर, पुलिस का कहना है कि शिकायत मिलने पर मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
नौनिहालों की जान से खिलवाड़, सिस्टम बना मूकदर्शक
स्याना। क्षेत्र के कई निजी विद्यालयों में मानकों के विपरीत और बिना पंजीकरण वाले वाहन धड़ल्ले से दौड़ रहे हैं। ट्रैफिक पुलिस और संभागीय परिवहन विभाग आम बाइक सवारों पर हेलमेट व तीन सवारी को लेकर तुरंत चालान की कार्रवाई करता है, लेकिन बच्चों की जान जोखिम में डालने वाले अवैध स्कूली वाहनों पर चुप्पी साधी हुई है। कुछ वर्ष पूर्व फर्जी नंबर और अवैध रूप से चल रहे करीब दो दर्जन स्कूली वाहनों का मामला सुर्खियों में आने पर बुगरासी और चिंगरावठी चौकी क्षेत्र में कई वाहन सीज किए गए थे। इसके बावजूद हालात नहीं सुधरे।
स्कूल संचालक विपिन त्यागी का कहना है कि हादसे की सूचना मिली थी, लेकिन हादसे में कोई बच्चा घायल नहीं हुआ है, सभी सकुशल हैं।
एसडीएम के स्याना लाल जी विश्वकर्मा का कहना है कि स्कूलों में बच्चों को लाने व ले जाने में लगे अवैध वाहनों के खिलाफ जल्द ही विशेष अभियान चलाया जाएगा। बिना पंजीकरण व मानक विहीन वाहनों के पकड़े जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
