स्वच्छता की दिलाई गई शपथ, स्वयं से करें इसकी शुरुआत :सीडीओ – Pledge For Cleanliness Administered
ज्ञानपुर। मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) बाल गोविंद शुक्ला की अध्यक्षता में विकास भवन सभागार में बृहस्पतिवार को स्वच्छता शपथ कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों ने महात्मा गांधी के स्वच्छ भारत के सपने को साकार करने और जिले को स्वच्छ व स्वस्थ बनाने का संकल्प लिया।
सीडीओ ने कहा महात्मा गांधी ने स्वच्छ, स्वस्थ और विकसित राष्ट्र की कल्पना की थी। उन्होंने सभी से गंदगी दूर कर स्वच्छता को जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने की अपील की। कार्यक्रम में सभी ने स्वयं स्वच्छता के प्रति सजग रहने का संकल्प लिया। उन्होंने प्रत्येक वर्ष 100 घंटे श्रमदान करने की शपथ ली। न स्वयं गंदगी करेंगे और न किसी अन्य को करने देंगे। जिला पंचायत राज अधिकारी संजय मिश्रा ने कहा कि स्वच्छता किसी एक विभाग की जिम्मेदारी नहीं है। हम सभी का सामूहिक दायित्व है। प्रत्येक नागरिक का छोटा कदम भी पूरे देश को स्वच्छ बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दे सकता है।
