रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
चंबा

Chamba News:चुराह के कंगेला में गहराया पेयजल संकट – Drinking Water Crisis Intensifies In Kangela, Churah

November 24, 2026


तीसा (चंबा)। उपमंडल चुराह की ग्राम पंचायत बघेईगढ़ के कंगेला गांव में पेयजल संकट गहराने से गुज्जर समुदाय के करीब 50 परिवार परेशान हैं।

गांव में पर्याप्त पानी उपलब्ध नहीं होने के कारण लोगों को पीने के पानी और खाना बनाने जैसी बुनियादी जरूरतों को पूरा करने में भी दिक्कतें झेलनी पड़ रही हैं।

वहीं, पशुपालन पर निर्भर इन परिवारों के लिए भैंसों और अन्य मवेशियों के पीने के पानी का इंतजाम करना भी चुनौती बन गया है। स्थानीय ग्रामीणों नूरमाही, रोशन, मक्खन, लतीफ, बशीर, शफी, फरीद और जुम्मन ने बताया कि पेयजल की कमी से उनकी दिनचर्या बुरी तरह प्रभावित हो रही है।

परिवारों को पानी जुटाने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ रही है। एक ओर जहां पीने और भोजन तैयार करने के लिए पर्याप्त पानी नहीं मिल रहा है, वहीं दूसरी ओर पशुओं की जरूरतें पूरी करना भी मुश्किल हो गया है।

पशुपालन इन परिवारों की आजीविका का प्रमुख साधन है। पानी की किल्लत से उनकी चिंता और बढ़ गई है। ग्रामीणों का कहना है कि गांव के करीब 50 परिवार इस समस्या से प्रभावित हैं। उन्होंने जल शक्ति विभाग और स्थानीय प्रशासन से मांग की है कि गांव में पेयजल संकट का जल्द समाधान किया जाए। ग्रामीणों ने विभाग से मौके का निरीक्षण कर पानी की उपलब्धता सुनिश्चित करने और नियमित आपूर्ति बहाल करने के लिए उचित कदम उठाने की गुहार लगाई है।

जल शक्ति विभाग के अधिशासी अभियंता केवल शर्मा ने बताया कि मामला उनके ध्यान में लाया गया है। कनिष्ठ अभियंता की अगुवाई में फीटर को गांव भेजकर समस्या के समाधान के प्रयास किए जाएंगे।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X