रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Chamba News:धधकते जंगल, गिरते पत्थरों के बीच मौत से मुकाबला करते रहे वनकर्मी – Forest Staff Battled Death Amidst Blazing Forests And Falling Rocks
चंबा

Chamba News:धधकते जंगल, गिरते पत्थरों के बीच मौत से मुकाबला करते रहे वनकर्मी – Forest Staff Battled Death Amidst Blazing Forests And Falling Rocks

November 28, 2026


सामदार में आग बुझाते समय लपटों के बेहद करीब पहुंचे डिप्टी रेंजर, शाम पांच बजे से रात दस बजे तक चला अभियान

आधुनिक उपकरण और सुरक्षा साधन भी नहीं थे उपलब्ध, दमकल टीम के साथ कर्मचारियों ने रोकी आग की रफ्तार

————–

पहाड़ पर अंधेरा गहराने लगा था, लेकिन सामदार के जंगल में आग की लपटें लगातार ऊंची होती जा रही थीं। नीचे सड़क पर पत्थर गिर रहे थे और ऊपर आग पेड़ों को अपनी चपेट में ले रही थी। इस बीच वनकर्मियों के सामने एक ही चुनौती थी- आग को आबादी तक पहुंचने से रोकना। न उनके पास आधुनिक अग्निशमन उपकरण थे और न ही सुरक्षा के विशेष साधन। हाथों में झाड़ियों के डंडे थामे कर्मचारी लपटों से जूझते रहे। जंगल बचाने की इस जद्दोजहद में डिप्टी रेंजर सुनील कुमार खुद आग की चपेट में आने से बाल-बाल बच गए।

—–

संवाद न्यूज एजेंसी

चंबा। दिन : शुक्रवार, समय : शाम 5 बजे, जंगल से आग की लपटें उठ रही हैं। सामदार वन बीट में आग लगने की सूचना मिलने के बाद वनरक्षक मौके पर पहुंचे। आग जंगल के बड़े हिस्से में फैली थी। कर्मचारी झाड़ियों के डंडों से लपटों को बुझाने और आगे बढ़ने से रोकने में जुट गए। समय : शाम 6 बजे, अधिकारियों ने भी आग बुझाने के लिए मोर्चा संभाल लिया। वन परिक्षेत्र अधिकारी कमलेश कुमार, डिप्टी रेंजर सुनील कुमार और नरेंद्र सहित अन्य कर्मचारी भी मौके पर पहुंचे। पहाड़ी से लगातार पत्थर गिर रहे थे। चंबा-जुम्महार सड़क पर भी पत्थर आने लगे। ऐसे में दो वनकर्मियों को सड़क पर निगरानी के लिए तैनात किया गया, ताकि वाहन चालकों को सतर्क किया जा सके। समय : शाम 6:15 बजे। आग बुझाते समय अचानक लपटें डिप्टी रेंजर सुनील कुमार के बेहद करीब पहुंच गईं। वह गिरते-संभलते खुद को आग की चपेट में आने से बचा पाए। खतरा सामने था, लेकिन कर्मचारियों ने अभियान जारी रखा। शाम 6:30 बजे दमकल विभाग की टीम पहुंची। वन विभाग और दमकल कर्मियों ने मिलकर लपटों को रोकने के प्रयास तेज किए। रात 10 बजे बस्ती के पास आग बुझा दी गई। करीब पांच घंटे की मशक्कत के बाद रिहायशी बस्ती के नजदीक आग पर काबू पाया गया। इसके बाद कर्मचारी घरों को लौटे। जंगल में हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है।

—

जंगल में भड़की आग को बुझाने में विभागीय कर्मचारियों के साथ क्षेत्र के स्थानीय लोगों ने भी सहयोग किया। – नरेंद्र वर्मा, डिप्टी रेंजर

—

आग से पेड़-पौधों के साथ रेंगने वाले कई जीव-जंतु भी प्रभावित होते हैं। जंगल में आग लगाने वालों की सूचना विभाग को दें। – सुनील ठाकुर, डिप्टी रेंजर

—

जंगलों को आग से बचाने के लिए विभाग हरसंभव प्रयास करता है। कई बार कर्मचारियों को जान जोखिम में डालनी पड़ती है। – कमलेश कुमार, वन परिक्षेत्र अधिकारी

—

सामदार के पास जंगल में शरारती तत्वों ने आग लगाई थी। इसे फैलने से रोकने के लिए वनकर्मी जुटे रहे। नुकसान का आकलन किया जा रहा है। – राकेश कुमार, मुख्य वन अरण्यपाल

सामदार वन बीट के जंगल में लगी आग को बुझाने में जुटे वन कर्मी। संवाद।

सामदार वन बीट के जंगल में लगी आग को बुझाने में जुटे वन कर्मी। संवाद।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X