Chamba News:शहर में स्वच्छता के दावों पर धुएं का धब्बा – A Smudge Of Smoke On The City Claims Of Cleanliness
सुल्तानपुर चौक पर दिनभर जलता रहा कचरा, जहरीले धुएं के बीच से गुजरते रहे राहगीर
हर दूसरे दिन सामने आ रहा मामला, नगर परिषद अब तक नहीं तलाश पाई जिम्मेदारों का सुराग
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। शहर में स्वच्छता की मुहिम सड़क के किनारे जलते कचरे के ढेर के आगे बेअसर नजर आ रही है। सुल्तानपुर वार्ड के चौक के पास बुधवार को कचरे में लगी आग दिनभर सुलगती रही।
इससे उठते धुएं ने आसपास के क्षेत्र को अपनी चपेट में ले लिया। इस मार्ग से गुजरने वाले राहगीरों को सांस रोककर और मुंह ढककर निकलना पड़ा। वाहन चालकों को भी धुएं के कारण परेशानी हुई।
स्थानीय निवासी कर्ण कुमार, सुशील कुमार, बोबी कुमार, सुधीर कुमार और धीरज कुमार ने बताया कि शहर में कचरे को आग लगाने की घटनाएं अब आम होती जा रही हैं। हर दूसरे दिन कहीं न कहीं कचरा जलता नजर आता है। बावजूद इसके नगर परिषद इन घटनाओं को रोकने और जिम्मेदार लोगों की पहचान करने में सफल नहीं हो पाई है। उन्होंने मांग की कि खुले में कचरा जलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
नगर परिषद अध्यक्ष भुवनेश्वरी गुलाटी ने कहा कि मामला ध्यान में आया है। कचरे में आग लगाने की घटनाएं पहले भी सामने आई हैं। इसकी जांच की जा रही है कि आग कौन लगा रहा है। उन्होंने वार्ड पार्षदों और स्थानीय लोगों से भी इस मामले में सहयोग करने की अपील की।
धुएं से फेफड़ों और दिल को खतरा
बीएमओ तीसा ऋषि पुरी ने बताया कि खुले में कचरा जलने से निकलने वाले सूक्ष्म कण और जहरीली गैसें फेफड़ों तक पहुंचकर सांस संबंधी दिक्कतें पैदा कर सकती हैं। लंबे समय तक इनके संपर्क में रहने से फेफड़ों और हृदय संबंधी बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। बच्चों, बुजुर्गों और पहले से सांस की बीमारी से जूझ रहे लोगों को इससे अधिक खतरा रहता है।
