Chamba News:संघणी में आग ने राख में बदले 14 परिवारों के सपने – Fire In Sanghani Reduces The Dreams Of 14 Families To Ashes
2.95 करोड़ रुपये की चोट, किसी का कारोबार तो किसी का घर हुआ तबाह
राख के ढेर से फिर जिंदगी संवारने की जद्दोजहद, प्रशासन से राहत की आस
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। सलूणी उपमंडल के संघणी बाजार में लगी आग ने 14 परिवारों की वर्षों की मेहनत पलभर में छीन ली। किसी की दुकान जल गई तो किसी का आशियाना उजड़ गया।
अग्निकांड में करीब 2.95 करोड़ रुपये की संपत्ति नष्ट हुई है। अब प्रभावित परिवारों के सामने रोजी-रोटी का इंतजाम करने और दोबारा सिर छिपाने की जगह जुटाने की चुनौती है।
आग से सात परिवारों की संपत्ति को शत-प्रतिशत नुकसान पहुंचा। इनमें रणधीर सिंह के डिपो में रखा सामान, लेखराज और अशोक के लकड़ी के मकान व दुकानें, नरेंद्र कुमार और सुधीर कुमार के मेडिकल स्टोर व वाहन शामिल हैं। कमलेश कुमार का मकान और वाहन, मोहम्मद हनीफ की किराये की दुकान में रखा सामान और कुलदीप सिंह के मकान और दुकानों का सामान भी पूरी तरह जल गया।
इसके अलावा सात अन्य परिवारों को करीब 1.13 करोड़ रुपये की क्षति हुई। इनमें देव प्रसाद का मकान व घरेलू सामान, रियाज मुहम्मद और नूर मुहम्मद की किराये की दुकानों का सामान, धर्मेंद्र की दुकान, बलबीर कुमार का तीन मंजिला मकान, लेखराज के किराये के कमरे में रखा सामान और कृष्ण लाल का खोखा शामिल है।
दुकानें जलने से कई परिवारों की आजीविका का साधन छिन गया है, जबकि मकान नष्ट होने से कुछ परिवारों के सामने रहने का संकट है। प्रभावित अब प्रशासन से राहत और पुनर्वास सहायता की उम्मीद लगाए बैठे हैं, ताकि उजड़े कारोबार और घरों को फिर से संवार सकें।
