रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Champawat News:चंपावत जिले में स्मार्ट मीटर लगाने का कार्य 94 फीसदी पूरा – Installation Of Smart Meters In Champawat District 94% Complete
चंपावत

Champawat News:चंपावत जिले में स्मार्ट मीटर लगाने का कार्य 94 फीसदी पूरा – Installation Of Smart Meters In Champawat District 94% Complete

November 26, 2026


Installation of smart meters in Champawat district 94% complete

चंपावत में घर पर स्मार्ट मीटर लगाती ऊर्जा निगम की टीम। स्रोत: विभाग

चंपावत। जिले में बिजली उपभोक्ताओं को स्मार्ट मीटर की सुविधा देने की कवायद तेजी से आगे बढ़ रही है। ऊर्जा निगम के अधिकारियों के मुताबिक, जिलेभर में अब तक 94 फीसदी स्मार्ट मीटर लगाए जा चुके हैं। शेष छह फीसदी मीटर लगाने का कार्य बाकी है। दावा है कि स्मार्ट मीटर लगने से बिजली की खपत की निगरानी और बिलिंग व्यवस्था पहले से अधिक पारदर्शी और सटीक होगी। इससे उपभोक्ताओं को भी घरों में होने वाली बिजली खपत की सटीक जानकारी मिल सकेगी।

ऊर्जा निगम के एसडीओ मयंक भट्ट ने बताया कि ऊर्जा निगम ने चंपावत डिविजन में कुल 14,803 स्मार्ट मीटर लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। इसके सापेक्ष अब तक 13,945 उपभोक्ताओं के यहां स्मार्ट मीटर लगाए जा चुके हैं। अभी 858 मीटर लगाने शेष हैं। नगर के अलावा लोहाघाट, टनकपुर और बनबसा क्षेत्र में मीटर लगाने का कार्य किया जा रहा है। एसडीओ मयंक भट्ट के अनुसार निर्धारित लक्ष्य का अधिकांश कार्य पूरा हो चुका है।

==

बिजली खपत की हर समय मिल सकेगी जानकारी

स्मार्ट मीटर लगने के बाद उपभोक्ताओं को बिजली की खपत की जानकारी के लिए महीने के अंत में बिल आने का इंतजार नहीं करना पड़ेगा। नई व्यवस्था में बिजली की खपत की रियल टाइम जानकारी मिल सकेगी। इससे उपभोक्ता अपनी रोजाना की बिजली खपत पर नजर रख सकेंगे। साथ ही बिजली के इस्तेमाल के अनुसार बिल तैयार होने से मीटर रीडिंग में होने वाली गड़बड़ियों और गलत बिलिंग की आशंका भी कम होगी। ऊर्जा निगम को भी बिजली आपूर्ति और खपत की निगरानी करने में आसानी होगी।

==

बैलेंस खत्म होने पर कट सकती है बिजली

प्रीपेड व्यवस्था से उपभोक्ताओं के सामने कुछ चुनौतियां भी आ सकती हैं। बैलेंस समाप्त होने की स्थिति में बिजली आपूर्ति बाधित हो सकती है। ऐसे में उपभोक्ताओं को समय-समय पर अपने बैलेंस की जानकारी रखनी होगी और जरूरत के अनुसार रिचार्ज कराना पड़ेगा।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X