Champawat News:टनकपुर और बनबसा में जलभराव से मिलेगी निजात, योजनाएं स्वीकृत – Relief From Waterlogging In Tanakpur And Banbasa On The Way; Projects Approved
टनकपुर(चंपावत)। टनकपुर-बनबसा में बारिश के मौसम में बाढ़ और जलभराव की समस्या से जल्द निजात मिलेगी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने टनकपुर के लिए 65.68 करोड़ रुपये और बनबसा के लिए 21.15 करोड़ रुपये की योजना को हरी झंडी दी थी। दोनों परियोजनाओं की निविदाएं स्वीकृत हो गई हैं। जल निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा।
बता दें कि सीएम धामी के विजन के अनुरूप दोनों नगरों में बारिश के पानी की बेहतर निकासी से बाजारों और आवासीय क्षेत्रों में राहत और आवाजाही सुगम करने के लिए परियोजना का प्रस्ताव बनाया गया था। सिंचाई विभाग के एसडीओ मनोज तिवारी ने बताया कि अब दोनों नगरों में बाढ़ और जलभराव का जोखिम कम करने व बारिश के पानी की निकासी बेहतर बनाने के लिए प्रस्तावित कार्यों की निविदाएं स्वीकृत कर दी गई हैं।
सिंचाई विभाग की ओर से डीपीआर के अनुरूप कार्यों के लिए एक संयुक्त उपक्रम की निविदाएं स्वीकार की गई हैं। इस संबंध में अधीक्षण अभियंता, सिंचाई कार्य मंडल, पिथौरागढ़ ने निविदा स्वीकृति पत्र जारी कर दिए हैं। योजनाओं में डिजिटल नक्शों और स्थानीय भौगोलिक जानकारी के आधार पर बारिश के पानी के बहाव और जलभराव वाले स्थानों को ध्यान में रखते हुए निकासी व्यवस्था विकसित की जाएगी। इससे अलग-अलग इलाकों से आने वाले बारिश के पानी को तय मार्गों से निकालने की व्यवस्था अधिक सुव्यवस्थित होगी। इससे जल निकासी में सुधार से दोनों नगरों का बुनियादी ढांचा मजबूत होगा और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के प्रयासों को गति मिलेगी।
