Champawat News:681 आंगनबाड़ी केंद्रों पर ताले, पोषण और प्रारंभिक शिक्षा से वंचित नौनिहाल – 681 Anganwadi Centres Locked; Young Children Deprived Of Nutrition And Early Education
चंपावत। जिले में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं की हड़ताल से बाल सेवाएं पूरी तरह प्रभावित हो गई हैं। जिले के 681 आंगनबाड़ी केंद्रों पर 14वें दिन भी ताले लटके रहे। इसके चलते नौनिहालों को पोषण और प्रारंभिक शिक्षा की सुविधाओं से वंचित रहना पड़ रहा है।
चंपावत जिले के 681 आंगनबाड़ी केंद्रों में छह माह से तीन वर्ष तक के 4136 बालक और 5712 बालिकाएं पंजीकृत हैं। इन बच्चों को आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से पोषण और प्रारंभिक देखभाल की सुविधाएं दी जाती हैं। इसके अलावा केंद्रों में नौनिहालों को प्रारंभिक शिक्षा भी प्रदान की जाती है। वहीं हड़ताल के चलते 14 दिनों से केंद्र बंद होने से छोटे बच्चों की पोषण और प्रारंभिक देखभाल संबंधी सेवाएं प्रभावित हो रही हैं। मंगलवार को चंपावत ब्लॉक की आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने भैरवा तिराहे स्थित धरना स्थल पर प्रदर्शन किया। कार्यकर्ता मानदेय बढ़ाकर 24 हजार रुपये करने समेत अन्य मांगों को लेकर आंदोलन कर रही हैं। संगठन की प्रदेश सदस्य विमला पनेरू ने कहा कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक धरना-प्रदर्शन जारी रहेगा। इस दौरान चंपावत की जिला महामंत्री हेमा थ्वाल, ब्लॉक अध्यक्ष दीपा पांडेय, माया देवी, जीवंती जोशी, सुमन विष्ट, गीता पाटनी, रेशा भट्ट, ममता बोहरा, निर्मला देवी, शोभा पांडेय समेत अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहीं।
आंगनबाड़ी वर्कर्स का धरना जारी
लोहाघाट (चंपावत)। मानदेय बढ़ाने सहित विभिन्न मांगों के लिए आंगनबाड़ी वर्कर्स का अनिश्चतकालीन धरना छठे दिन भी जारी रहा। मंगलवार को रैन बसेरे में आंगनबाड़ी वर्कर्स संगठन की ब्लॉक अध्यक्ष कविता पंत के नेतृत्व पर धरने पर बैठीं। उन्होंने 18 हजार रुपये मासिक मानदेय और सेवानिवृति पर 10 लाख रुपये की एकमुश्त धनराशि देने की मांग की। उन्होंने मांगों का जीओ जारी न होने तक आंदोलन का निर्णय लिया। वहां हीरा बोहरा, ईश्वरी बोहरा, शर्मिला बोहरा, सरस्वती जोशी, पूजा, मीना बोहरा, हेमा बोहरा, जया पांडेय, जानकी पाठक आदि मौजूद रहीं।
