रविवार, 15 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
चंदौली

Chandauli News:परिजनों की डांट से डरा नौ साल का बच्चा घर में ही छिपा रहा, रातभर खोजती रही पुलिस – A Nine-year-old Boy Hid In The House After Being Reprimanded By His Relatives

November 15, 2026


टॉफी चुराने की शिकायत पर पड़ी थी फटकार, स्टोर रूम की छत पर बोरा ओढ़कर सो गया था बालक

संवाद न्यूज एजेंसी

पड़ाव, चंदौली। मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के मढ़िया गांव में छठ पर्व की तैयारियों के बीच शनिवार रात नौ वर्षीय बच्चे के अचानक लापता होने से परिजनों में खलबली मच गई। टॉफी चोरी करने की शिकायत पर परिजनों की डांट से डरा बालक घर की छत पर बने स्टोर रूम के ऊपर बोरा ओढ़कर सो गया था। उधर, लापता होने की सूचना पर जलीलपुर पुलिस रातभर तलाश में जुटी रही। रविवार की भोर में बालक के खांसने की आवाज सुनकर परिजनों और पुलिस को उसके घर में ही छिपे होने की जानकारी हुई। इसके बाद सभी ने राहत की सांस ली।

मढ़िया गांव निवासी सब्जी व्यवसायी मंडी में टमाटर, हरी मिर्च और धनिया बेचते हैं। चार बच्चों में नौ वर्षीय बच्चा दूसरे नंबर पर है। शनिवार को कार्तिक घर के बाहर दोस्तों के साथ खेल रहा था। इसी दौरान दोस्तों के बीच पड़ोस की दुकान से टॉफी चुराने की शर्त लगी। कार्तिक ने दुकान से टॉफी चुरा ली। जानकारी होने पर दुकानदार ने परिजनों से शिकायत की। इस पर परिजनों ने कार्तिक को डांट-फटकार लगाई। कुछ देर बाद परिवार के सभी सदस्य छठ पर्व की तैयारियों में जुट गए। परिजनों की डांट से डरा कार्तिक घर की छत पर बने स्टोर रूम के ऊपर पहुंच गया और वहां बोरा ओढ़कर सो गया। रात में जब वह घर में नहीं मिला तो परिजनों ने आसपास के मोहल्ले और परिचितों के यहां तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बाद भी उसका पता नहीं चला तो अनहोनी की आशंका में देर रात डायल 112 पर सूचना दी।

सूचना पर जलीलपुर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने परिजनों से पूछताछ करने के साथ आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके अलावा गांव के तालाब, पोखरों, कुओं और गंगा घाट पर भी तलाश की गई। कई घंटे की मशक्कत के बाद भी कार्तिक का पता नहीं चला। रविवार की भोर में घर के ऊपर बने स्टोर रूम की छत से खांसने की आवाज सुनाई दी। परिजनों और पुलिस ने वहां जाकर देखा तो कार्तिक बोरा ओढ़कर छिपा मिला। पुलिस ने आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद उसे सकुशल परिजनों के सुपुर्द कर दिया।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X