Chandauli News:धर्मगुरुओं ने जुल्म के आगे सिर न झुकाने का दिया संदेश – Religious Leaders Gave The Message Of Not Bowing To Oppression
संवाद न्यूज एजेंसी पीडीडीयू नगर। दुलहीपुर स्थित बैतूल हुजन में शुक्रवार से तीन दिवसीय सेह रोजा मजलिस शुरू हुई। इसमें बड़ी संख्या में जायरीन शामिल हुए। मजलिस में धर्मगुरुओं ने तकरीर से इस्लामिक शिक्षाओं और धार्मिक प्रसंगों पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम में लखनऊ से पहुंचे मौलाना कल्बे जव्वाद साहब ने विशेष रूप से खिताब किया।
शुरुआत सोजख्वानी से हुई। कल्बे अब्बास जाफरी ने सोज पढ़ा। इसमें पप्पू जाफरी, हिलाल सहित अन्य लोगों ने साथ दिया। इसके बाद मौलाना मुराद रजा (पटना), रियाजुल साहब किबला (लखनऊ), सैयद मजहर रजा, अली अब्बास रिजवी और सैयद शम्सी रजा ने तकरीर पेश की। अंतिम मजलिस को इमामे जुमा लखनऊ मौलाना सैयद कल्बे जव्वाद साहब ने खिताब किया।
उन्होंने बीबी फातमा की कुर्बानियों का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने इस्लाम के लिए अनेक कुर्बानियां दीं। तमाम जुल्म सहने के बावजूद जालिमों के सामने सिर नहीं झुकाया। उनका जीवन धैर्य, साहस और त्याग की मिसाल है।
कहा कि हमें भी कभी जुल्म के आगे सिर नहीं झुकाना चाहिए। सच्चाई के रास्ते पर डटे रहना चाहिए। मजलिस के अंत में अंजुमन सज्जादिया असगरिया की ओर से नौहाख्वानी की गई। इसमें कासिफ जाफरी, पप्पू, साकिब, सैयद और फराज ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम में कमर अब्बास, फैजी जाफरी, यावर जाफरी, अली जाफर जाफरी, हिलाल, शहंशाह, यूसुफ हुसैनी, उरूज हैदर और अंबर तुराबी मौजूद रहे।
