चरखी दादरी। घिकाड़ा रोड पर रिश्तेदार के घर गए युवक के साथ कहासुनी के बाद मारपीट करने और फिर राजीनामे के बहाने नहर पर बुलाकर हमला करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि हमलावरों ने युवक पर लाठी-डंडों से वार किए। बीच-बचाव करने पहुंची उसकी पत्नी के साथ भी मारपीट की गई। सदर थाना पुलिस ने जांच के बाद अज्ञात साथियों सहित आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज किया है। महेंद्रगढ़ चुंगी निवासी मोनू शर्मा ने पुलिस को बताया कि 9 नवंबर की रात वह घिकाड़ा रोड पर रिश्तेदार के घर गया था। वहां कहासुनी के बाद एक युवक ने उसके साथ मारपीट की और चला गया। कुछ देर बाद फोन कर उसे घसौला नहर पर राजीनामा करने के बहाने बुलाया गया। वहां पहुंचने पर उसके साथ गाली-गलौज कर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। भागने का प्रयास किया तो रास्ता रोककर माथे पर डंडा मारा। राहगीरों ने बीच-बचाव कर उसे बचाया। हमलावर जान से मारने की धमकी देकर चले गए। सूचना मिलने पर पहुंची उसकी पत्नी के साथ भी मारपीट की गई। दोनों को उपचार के लिए सरकारी अस्पताल दादरी में भर्ती करवाया गया। मेडिकल रिपोर्ट में युवक को पांच और उसकी पत्नी को दो चोटें दर्ज मिलीं। पुलिस ने शिकायत, मेडिकल रिपोर्ट और मौके पर की गई जांच के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के साथ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। संवाद