रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
चित्रकूट

Chitrakoot News:गांव में नहीं बैठते सचिव, ग्रामीण हो रहे परेशान – Secretaries Do Not Sit In The Village

November 27, 2026


चित्रकूट। शुक्रवार को दिशा की बैठक में जनप्रतिनिधियों ने सचिवों के गांव में न बैठने का मुद्दा उठाया। जनप्रतिनिधियों ने सांसद कृष्णा देवी पटेल से शिकायत की कि सचिव गांव नहीं आते, जिससे ग्रामीणों को परेशानी होती है। इस पर जिलाधिकारी पुलकित गर्ग ने गांववार रोस्टर बनाकर सचिवों को गांव में बैठने के निर्देश दिए।

सांसद ने प्रधानमंत्री आवास ग्रामीण के अधूरे आवासों को जल्द पूरा कराने और राष्ट्रीय सामाजिक सहायता कार्यक्रम के पात्र लाभार्थियों को वंचित न रखने के निर्देश समाज कल्याण अधिकारी को दिए। उन्होंने जल निगम के अभियंता को समय पर कार्य पूरे करने, गांवों में शुद्ध पेयजल सुनिश्चित करने और पाइपलाइन से खोदी सड़कों को ठीक कराने पर जोर दिया। विद्युत व्यवस्था पर सांसद ने समय से ट्रांसफार्मर बदलने और अवर अभियंताओं द्वारा उपभोक्ताओं का फोन न उठाने पर कार्रवाई की चेतावनी दी। जिलाधिकारी ने बताया कि गत वर्ष की तुलना में इस वर्ष करीब 800 मीट्रिक टन अधिक खाद का वितरण हुआ है। उन्होंने कहा कि जिले में खाद की कोई कमी नहीं है। ओवर रेट पर बेचने वालों पर कार्रवाई हो रही है और नकली खाद पर एफआईआर दर्ज कराई गई है। किसानों से प्राकृतिक खेती अपनाने की अपील की गई।

सांसद ने बीबी जी राम जी योजना के कार्यों की सूची भी मांगी। प्रधानमंत्री आवास ग्रामीण के अधूरे आवासों की ब्लॉकवार समीक्षा करने को कहा गया। राष्ट्रीय सामाजिक सहायता कार्यक्रम में कोई भी पात्र लाभार्थी वंचित न रहे, यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। बैठक से पहले सांसद ने सभी को बाल विवाह के खिलाफ शपथ दिलाई।

——————

ऊपर लाल बालू, नीचे डस्ट… सांसद ने हाथ से खोद खोली पोल

चित्रकूट। पुरवा तरौंहा में बन रहे केंद्रीय विद्यालय में शुक्रवार को सांसद कृष्णा देवी पटेल के औचक निरीक्षण में घटिया निर्माण की पोल खुल गई। लोगों ने शिकायत की कि ठेकेदार लाल बालू के नीचे डस्ट छिपाकर काम कर रहा है। सांसद ने किसी की बात पर भरोसा नहीं किया, खुद जमीन पर बैठकर हाथ से बालू खोदी। बालू हटते ही नीचे से डस्ट निकल आई। यह देखते ही सांसद का पारा चढ़ गया। उन्होंने कहा कि जगह-जगह मानकों की अनदेखी हो रही है। बच्चों के भविष्य से जुड़े स्कूल में लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। सरकार अच्छा निर्माण के लिए पैसा दे रही है, घटिया काम के लिए नहीं। उन्होंने मामले को सदन में उठाने और उच्च स्तरीय जांच कराने की बात कही। (संवाद)

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X