चित्रकूट। उप्र राज्य महिला आयोग की सदस्य प्रतिभा कुशवाहा ने बुधवार को कसहाई में जनचौपाल लगाई। उन्होंने महिलाओं की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को तुरंत निस्तारण के निर्देश दिए।
आयोग की सदस्य प्रतिभा कुशवाहा ने बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत लोगों को शपथ दिलाई और इसे सामाजिक कुरीति बताया। उन्होंने कहा कि इसे करने या कराने पर दो वर्ष तक की जेल और जुर्माना हो सकता है।
जनचौपाल में 30 शिकायतों में से पांच का मौके पर निस्तारण हुआ। जिला प्रोबेशन अधिकारी प्रगति गुप्ता ने हर पंचायत को बाल विवाह मुक्त बनाने का आग्रह किया। जिला अस्पताल में कन्या जन्मोत्सव में 11 बच्चियों को बेबी किट दी गई।
सदस्य ने अभिभावकों से बेटियों को शिक्षित करने की अपील की। उन्होंने मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना में पंजीकरण कराने को भी कहा। उन्होंने जिला कारागार रगौली की महिला बैरक का भी निरीक्षण किया। इस दौरान सीएमएस डॉ. शैलेंद्र कुमार, डॉ. रामनरेश राजपूत समेत अन्य मौजूद रहे।

फोटो 25 सीकेटीपी 15 जिला अस्पताल में आयोजित कार्यक्रम में बेबी किट देती आयोग की सदस्य व सीएमएस।