Chitrakoot News:दीपावली पर 20 लाख श्रद्धालुओं ने किए कामतानाथ के दर्शन – 2 Million Devotees Offered Prayers To Kamtanath On Diwali
चित्रकूट। धर्मनगरी में रविवार को दिवाली मेले पर आस्था का महासागर नजर आया। करीब 20 लाख श्रद्धालुओं ने दीपदान, पूजा-अर्चना कर मंदाकिनी नदी में डुबकी लगाई। भगवान कामतानाथ के दर्शन कर कामदगिरि की परिक्रमा की और सुख-समृद्धि की कामना के साथ अपने गंतव्य को रवाना हो गए।
दिवाली पर चित्रकूट में दीपदान की विशेष मान्यता है। इसी आस्था के चलते कई जिलों से काफी संख्या में श्रद्धालु आए। मंदाकिनी के घाटों से लेकर कामदगिरि परिक्रमा मार्ग तक देर रात से ही भक्तों की चहल-पहल बनी रही।
बाजार में लौटी रौनक
चित्रकूट। शनिवार से ही श्रद्धालुओं की आवाजाही बढ़ने से दुकानदारों के चेहरे खिल उठे। खाने-पीने की दुकानों से लेकर प्रसाद, पूजन सामग्री और चूड़ियों की दुकानों पर भीड़ रही। दुकानदार हरिओम ने बताया कि मेले में श्रद्धालुओं की संख्या अच्छी रही है। इससे दुकानदारी भी बेहतर हो रही है।
नो एंट्री से बुजुर्गों हुए परेशान
चित्रकूट। प्रशासन ने शंख चौराहे से रामघाट और कामदगिरि परिक्रमा मार्ग की ओर जाने वाले रास्तों पर जगह-जगह बैरिकेडिंग कर वाहनों का प्रवेश रोक दिया। श्रद्धालुओं को शंख चौराहे से करीब तीन से चार किमी तक का सफर पैदल तय करना पड़ रहा है। यह व्यवस्था सुरक्षा और यातायात के लिहाज से इंतजाम किए थे, लेकिन अधिक होने से बुजुर्गों और बच्चों को परेशानी हो रही है।
