Chitrakoot News:मतदाता सूची में नाम न जुड़वाने पर प्रधानाचार्यों पर गिरी गाज – Principals Face Action For Failing To Get Names Added To The Electoral Roll
चित्रकूट। नए मतदाताओं का नाम सूची में जुड़वाने में लापरवाही बरतने वाले प्रधानाचार्यों पर प्रशासन ने सख्ती दिखाई है।
सोमवार को विकास भवन सभागार में हुई बैठक में अनुपस्थित तीन प्रधानाचार्यों का नवंबर माह का वेतन रोकने और 13 स्ववित्तपोषित विद्यालयों को नोटिस जारी कर कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
बैठक की अध्यक्षता मुख्य विकास अधिकारी डीपी पाल ने की। उन्होंने एक जनवरी 2027 को 18 वर्ष पूरे करने वाले छात्र-छात्राओं के फार्म-6 की समीक्षा की। समीक्षा बैठक में तुलसी इंटर कॉलेज राजापुर, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज मानिकपुर और पं. दीनदयाल उपाध्याय राजकीय मॉडल इंटर कॉलेज हरदीकलां के प्रधानाचार्य अनुपस्थित पाए गए।
इस पर इसका नवंबर माह का वेतन रोकने के निर्देश दिए। वहीं 13 स्ववित्तपोषित विद्यालयों में मारकुंडी, नोंदिन कुर्मियान, सीतापुर, सरघुवा, चकलाराजरानी, मानिकपुर, कर्वी, नारायणपुर, बेडीपुलिया, खोपा भदेदू और परसौंजा के विद्यालयों को भी नोटिस देने को कहा है।
सीडीओ ने प्रधानाचार्यों को निर्देश दिया कि एक जनवरी 2027 को 18 वर्ष पूरे करने वाले हर छात्र-छात्रा का फार्म-6 भरवाकर मतदाता सूची में नाम दर्ज कराना अनिवार्य है, इसमें किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
