Deoria News:छात्रा के अपहरण की प्राथमिकी दर्ज, स्कूल बैग में मिला मोबाइल – Fir Registered In Case Of Student’s Abduction
देवरिया। सदर कोतवाली क्षेत्र से लापता 17 वर्षीय छात्रा के अपहरण के मामले में पुलिस ने अज्ञात पर प्राथमिकी दर्ज की है। छात्रा 26 नवंबर की शाम चार बजे से लापता है। रिश्तेदारों के यहां तलाशने के दौरान भी उसका कोई सुराग नहीं मिला। छात्रा के स्कूल बैग में एक मोबाइल मिला है। मां ने बेटी को बहला-फुसलाकर ले जाने की आशंका जताते हुए उसकी जान को खतरा बताया है। उनकी शिकायत पर 28 नवंबर को पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की।
लार थाना क्षेत्र निवासी महिला ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि बच्चों की पढ़ाई के लिए उसने सदर कोतवाली क्षेत्र में किराए पर कमरा ले रखा है। वह बच्चों के साथ यहीं रहती हैं। उनकी 17 वर्षीय बेटी बृहस्पतिवार शाम करीब चार बजे से लापता है। उन्होंने सभी रिश्तेदारों के यहां बेटी के बारे में पता किया मगर कहीं से कोई जानकारी नहीं मिली।
तलाश के दौरान उन्होंने बेटी का स्कूल बैग देखा तो उसमें एक ऐसा मोबाइल मिला, जिसके बारे में उन्हें पहले से कोई जानकारी नहीं थी। इसके बाद उन्होंने किसी अज्ञात व्यक्ति की ओर से बेटी को बहला-फुसलाकर ले जाने की आशंका जताई है।
सीओ ससी राजेश चतुर्वेदी ने बताया कि कोतवाली पुलिस ने घटना की रिपोर्ट दर्ज की है। मामले की जांच की जा रही है।
