रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
फरीदाबाद

Faridabad News:समय से पहले जन्मे बच्चों के लिए जीवनरक्षक बनी नवजात देखभाल इकाई – Neonatal Care Unit Proves Life-saving For Prematurely Born Infants

November 22, 2026


बीके अस्पताल के एमएनसीयू में हर माह 200 से 220 नवजात भर्ती, निजी अस्पतालों से भी पहुंच रहे गंभीर बच्चे

संवाद न्यूज एजेंसी

फरीदाबाद। समय से पहले जन्म लेने वाले और जन्म के बाद सांस लेने में परेशानी, पीलिया या अन्य स्वास्थ्य समस्याओं से जूझने वाले नवजात शिशुओं के लिए बीके अस्पताल की मातृ-नवजात शिशु देखभाल इकाई (एमएनसीयू) जीवनरक्षक साबित हो रही है। यहां प्रतिदिन करीब छह से सात नवजात शिशुओं को भर्ती कर उपचार दिया जा रहा है।

महीने में यह संख्या 200 से 220 तक पहुंच जाती है। इनमें बीके अस्पताल में जन्म लेने वाले बच्चों के अलावा निजी अस्पतालों से रेफर होकर आने वाले नवजात भी शामिल हैं। चिकित्सकों का कहना है कि जन्म के शुरुआती घंटे नवजात के जीवन के लिए बेहद महत्वपूर्ण होते हैं। इस दौरान बच्चे की सांस, शरीर का तापमान, पोषण और संक्रमण से बचाव पर विशेष ध्यान देने की जरूरत होती है। समय से पहले जन्म लेने वाले बच्चों में इन समस्याओं का खतरा अधिक रहता है।

जन्म के बाद नहीं रोना भी खतरे का संकेत

बीके अस्पताल में प्रतिदिन करीब 10 से 12 गर्भवती महिलाओं की डिलीवरी होती है, जिसमें करीब पांच से छह महिलाओं की डिलिवरी ऑपरेशन के माध्यम से होती है। बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. विष्णु कांत के अनुसार, जन्म के तुरंत बाद बच्चे का नहीं रोना गंभीर संकेत हो सकता है। कई बार बच्चे के मस्तिष्क तक पर्याप्त ऑक्सीजन नहीं पहुंचने के कारण ऐसी स्थिति पैदा होती है। इसके अलावा समय से पहले जन्म, सांस तेज चलना, पीलिया और पोषण की कमी जैसी समस्याओं के चलते नवजात को विशेष देखभाल की जरूरत पड़ती है। ऐसे बच्चों को एमएनसीयू में भर्ती कर लगातार निगरानी और उपचार दिया जाता है।

महीने में 20 बच्चों को दिल्ली करना पड़ता है रेफर

बीके अस्पताल में भर्ती नवजातों का उपचार और देखभाल करने के साथ अभिभावकों की काउंसलिंग भी की जाती है। बच्चों की स्थिति और पोषण संबंधी जरूरतों को ध्यान में रखकर उपचार दिया जाता है। स्वस्थ होने पर बच्चों को घर भेज दिया जाता है। हालांकि, गंभीर स्थिति में बेहतर उपचार के लिए करीब 20 नवजातों को प्रतिमाह दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रेफर करना पड़ता है।

पहले घंटे में स्तनपान से मिलती है सुरक्षा

चिकित्सकों के अनुसार, समय पर जन्म लेने वाले स्वस्थ नवजात को जन्म के एक घंटे के भीतर स्तनपान कराना बेहद जरूरी है। मां का पहला दूध (कोलोस्ट्रम) बच्चे को संक्रमण से बचाने और उसकी रोग प्रतिरोधक क्षमता मजबूत करने में मदद करता है। शुरुआती स्तनपान से बच्चे को जरूरी पोषण मिलता है और मां-बच्चे के बीच भावनात्मक जुड़ाव भी बढ़ता है। जागरूकता की कमी और प्रसव के बाद मां-बच्चे को अलग रखने जैसी स्थितियां कई बार स्तनपान में देरी का कारण बनती हैं। चिकित्सक अभिभावकों को जन्म के तुरंत बाद स्तनपान शुरू करने और नवजात की किसी भी असामान्य स्थिति पर तुरंत अस्पताल पहुंचने की सलाह देते हैं।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X