रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
फ़र्रुख़ाबाद

Farrukhabad News:बाढ़-बारिश से बदहाल 34 सड़कों की 7.63 करोड़ से बदलेगी सूरत – 34 Roads, Left In A Dilapidated State By Floods And Rain,

November 21, 2026


फर्रुखाबाद। बाढ़ और बारिश के चलते जिले की जर्जर हुई सड़कों पर अब मरम्मत की उम्मीद जगी है। लंबे समय से बदहाल संपर्क मार्गों से आवागमन की परेशानी झेल रहे ग्रामीणों को जल्द राहत मिल सकती है। शासन ने क्षतिग्रस्त सड़कों की विशेष मरम्मत के प्रस्ताव को मंजूरी देने के साथ बजट भी जारी कर दिया है। इसके बाद लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के प्रांतीय खंड ने 34 सड़कों की मरम्मत के लिए प्रक्रिया शुरू कर दी है। इन कार्यों पर 7.63 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद ठेकेदारों को दो महीने के भीतर काम पूरा करना होगा।

शासन ने बाढ़ और बारिश के चलते क्षतिग्रस्त हुई सड़कों की मरम्मत के लिए सर्वे कराने के आदेश दिए थे। पीडब्ल्यूडी की ओर से सर्वे कर प्रस्ताव शासन को भेज दिया गया था। मंजूरी मिलने के बाद जिले के अलग-अलग क्षेत्रों के संपर्क मार्गों को शामिल किया गया है। सड़कों पर गड्ढे होने और जगह-जगह सतह उखड़ने से ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी उठानी पड़ रही है। बरसात के दौरान स्थिति और भी खराब हो गई थी। मरम्मत होने से ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन सुगम होने के साथ किसानों, विद्यार्थियों और रोजाना सफर करने वाले लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।

ग्रामीण क्षेत्रों के मार्गों को मिली प्राथमिकता

विभाग की सूची में चांदपुर, मीरपुर, भाऊपुर खुर्द, बाबरपुर, महमदपुर करसान, बुदनामऊ, सियोगनपुर, प्रेमपुर, पपियापुर, धंसुआ, विजाधरपुर और अर्जुनपुर सहित कई गांवों को जोड़ने वाले संपर्क मार्ग शामिल हैं। इसके अलावा राजेपुर कड़हर मार्ग से मिश्रनपुरवा और राजेपुर कड़हर मार्ग से खुटिया संपर्क मार्ग के बाढ़ व अतिवृष्टि से क्षतिग्रस्त हिस्सों की मरम्मत भी कराई जाएगी। फर्रुखाबाद-नवाबगंज मार्ग से गंगोली और बसेली, चिलसरा मार्ग से रामपुर डफरपुर, जसमई-सिरोली मार्ग से नवादा, नीबकरोरी रेलवे स्टेशन से बराकेशव तथा हाथीपुर संपर्क मार्ग की भी विशेष मरम्मत होगी।

दो महीने में पूरे करने होंगे काम

पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता मुरलीधर ने बताया कि प्रत्येक सड़क की मरम्मत के लिए अलग-अलग लागत निर्धारित की गई है। एक मार्ग पर अधिकतम 32 लाख और न्यूनतम 10 लाख रुपये खर्च होंगे। टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद कार्यदायी ठेकेदारों को दो महीने में काम पूरा करना होगा।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X