शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
फ़र्रुख़ाबाद

Farrukhabad News:युवती के पिता ने भतीजे के साथ मिलकर की थी बोरिंग मिस्त्री की हत्या – The Young Woman’s Father, Along With His Nephew, Had Murdered The Borewell Technician

November 13, 2026


जहानगंज। युवती के पिता ने भतीजे के साथ मिलकर गांव नगला चाहर निवासी बोरिंग मिस्त्री की गला दबाकर हत्या की थी। पुलिस ने आरोपी पिता को गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त डंडा व रस्सी बरामद कर ली।

क्षेत्र के गांव नगला चाहर निवासी बोरिंग मिस्त्री दीपक वर्मा (22) का शव बृहस्पतिवार सुबह गांव सरवर आलमपुर में पड़ा मिला था। दीपक के भाई जबर सिंह ने युवती के पिता सहित चार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई थी। जहानगंज थानाध्यक्ष बृजमोहन पाल ने आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया।

युवती के पिता ने बताया कि 11 नवंबर की रात आठ बजे वह खेत से घर लौटा। इस दौरान घर में उसकी पुत्री के साथ दीपक मौजूद था। इससे आक्रोशित होकर उसने दीपक पर डंडे से प्रहार किए। साथ ही उसने अपने भतीजे को भी बुला लिया। दोनों ने मिलकर रस्सी से गला कसकर दीपक की हत्या कर दी। रात करीब 11 बजे जब आस-पड़ोस के लोग सो गए तब उसने दीपक के शव को बाहर निकालकर शौचालय के पास खाली पड़े खंडहर में डाल दिया।

पुलिस ने आरोपी से घटना में प्रयुक्त डंडा, रस्सी के साथ घटना के दौरान पहनी हुई खून लगी शर्ट व मोबाइल बरामद कर लिया। पुलिस ने आरोपी पिता को न्यायालय में पेश किया। वहां से उसे जेल भेज दिया गया। परिजनों ने बोरिंग मिस्त्री के शव का पांचाल घाट गंगा तट पर अंतिम संस्कार कर दिया। दोनों गांव में बृहस्पतिवार रात पुलिस तैनात रही।

======

मरणासन्न पुत्री को दामाद के साथ निकाला

बोरिंग मिस्त्री के साथ उसकी प्रेमिका की भी गला दबाकर हत्या का प्रयास किया गया था। आरोपी युवती के पिता ने भतीजे के साथ बोरिंग मिस्त्री दीपक की हत्या के बाद शव फेंका। इसके बाद उसने फर्रुखाबाद निवासी अपने दामाद को फोन कर बुलाया। दामाद ने अपनी कार गांव के बाहर ही खड़ी कर दी थी। घर से पुत्री को अचेत अवस्था में लेकर गया था। दामाद पुत्री को मिर्जापुर में ब्याही तीसरी पुत्री के घर ले गया। हालत गंभीर होने से उसे मिर्जापुर स्थित अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

थानाध्यक्ष बृजमोहन पाल ने बताया कि युवती की हालत में सुधार होने के बाद उसके बयान दर्ज किए जाएंगे। आरोपी पिता को जेल भेज दिया गया है। जबकि उसके भतीजे की तलाश के लिए उपनिरीक्षक घनश्याम को लगाया गया है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X