Fatehabad News:आठ माह से बजट बंद, बच्चों की थाली पर संकट – Budget Halted For Eight Months Childrens Meals At Risk
समैन। खंड के सरकारी स्कूलों में मिड-डे मील का बजट आठ माह से अटका होने के कारण बच्चों को मिलने वाले भोजन पर संकट खड़ा हो गया है। अप्रैल से राशन का बजट नहीं मिलने के कारण स्कूलों में उधार के सहारे रसोई चलाई जा रही है।
कई जगह शिक्षक अपनी जेब से पैसे खर्च कर रहे हैं। अब दुकानदारों ने भी बढ़ते बकाये के कारण राशन देने में आनाकानी शुरू कर दी है। समैन, ललोदा, गाजुवाला, अमानी, हैदरवाला, नांगली, नांगला, पारता, डांगरा और कन्हड़ी सहित खंड के अधिकतर गांवों के स्कूलों में यही स्थिति बनी हुई है।
बजट नहीं मिलने से कई स्कूलों में निर्धारित मेन्यू के अनुसार भोजन तैयार नहीं हो पा रहा है। पौष्टिक भोजन की जगह उपलब्ध राशन से काम चलाया जा रहा है। गरीब परिवारों के विद्यार्थियों के लिए स्कूल का भोजन दिन का महत्वपूर्ण आहार होता है। ऐसे में इस व्यवस्था पर संकट का सीधा असर बच्चों पर पड़ रहा है। स्कूल मुखियाओं का कहना है कि कई बार उच्च अधिकारियों को समस्या से अवगत करवाया जा चुका है लेकिन अभी तक बजट जारी नहीं हुआ।
समैन स्कूल पर 80 हजार रुपये से अधिक बकाया
गांव समैन के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के प्रिंसिपल सुशील कुमार गुप्ता ने बताया कि उनके स्कूल में अप्रैल से राशन के लिए कोई राशि नहीं आई है। दुकानदारों से उधार राशन लेकर रसोई चलाई जा रही है। स्कूल पर 80 हजार रुपये से अधिक का बकाया हो चुका है। गांव अमानी के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के प्रिंसिपल परमजीत कुंडू ने बताया कि उनके विद्यालय में अप्रैल, अगस्त, सितंबर और अक्तूबर महीने का राशन बजट अभी तक नहीं मिला है। इससे स्कूल प्रबंधन को भोजन की व्यवस्था बनाए रखने में परेशानी हो रही है।
बजट जारी करने की मांग
स्कूल मुखियाओं और अभिभावकों ने लंबित बजट जल्द जारी करने की मांग की है। उनका कहना है कि दुकानदारों का बकाया बढ़ने से राशन की व्यवस्था करना मुश्किल हो रहा है। समय पर बजट मिलने से विद्यार्थियों को निर्धारित मेन्यू के अनुसार पौष्टिक भोजन मिल सकेगा और शिक्षक भी पढ़ाई पर पूरा ध्यान दे सकेंगे।
स्कूलों में मिड-डे मील के राशन के लिए जारी होने वाला बजट काफी समय से बकाया है। बजट को जारी करवाने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। बहुत ही जल्द यह बजट जारी होगा।
– जगदीश सेवदा, खंड शिक्षा अधिकारी, टोहाना।
