Fatehabad News:नागरिक अस्पताल में पहली बार घुटने का प्रत्यारोपण – First-ever Knee Replacement At The Civil Hospital
फतेहाबाद। जिला नागरिक अस्पताल में अब घुटनों के प्रत्यारोपण की सुविधा भी शुरू हो गई है। अस्पताल में पहली बार वीरवार को घुटने का सफल प्रत्यारोपण किया गया। करीब ढाई घंटे तक चले ऑपरेशन में सिरसा के दड़बां कलां निवासी 74 वर्षीय महिला के घुटने को प्रत्यारोपित किया गया।
खास बात यह है कि मरीज का उपचार आयुष्मान भारत योजना के तहत किया गया। इससे अब तक घुटने के प्रत्यारोपण के लिए निजी अस्पतालों का रुख करने वाले मरीजों को सरकारी अस्पताल में भी बेहतर सुविधा मिलने की उम्मीद जगी है। सरकार घुटनों के प्रत्यारोपण को निजी अस्पतालों के आयुष्मान पैनल से हटाकर सरकारी अस्पतालों के लिए रिजर्व कर चुकी है।
ऑपरेशन के लिए आर्थोपेडिक सर्जन डॉ. दीपिका, डॉ. संजू और डॉ. पंकज की टीम मौजूद रही। एनेस्थीसिया की जिम्मेदारी डॉ. सुखदेव ने संभाली। इसके अलावा नर्सिंग ऑफिसर संदीप चाहर और दीपिका तथा ओटीए मनमोहन ने ऑपरेशन में सहयोग किया।
–
आज दूसरे मरीज का होगा ऑपरेशन
नागरिक अस्पताल में घुटने के प्रत्यारोपण की सुविधा शुरू होने के बाद अब दूसरे मरीज का भी ऑपरेशन किया जाएगा। अस्पताल की टीम शुक्रवार को एक अन्य मरीज के घुटने का प्रत्यारोपण करेगी। लगातार दो दिन प्रत्यारोपण के ऑपरेशन होने से अस्पताल में इस सुविधा को विस्तार देने की दिशा में कदम माना जा रहा है।
लैप्रोस्कोपी की सुविधा भी शुरू
नागरिक अस्पताल में पहले से ही लैप्रोस्कोपी के ऑपरेशन शुरू किए जा चुके हैं। अस्पताल में तीन जनरल सर्जन भी कार्यरत हैं। अब घुटने के प्रत्यारोपण की सुविधा शुरू होने से मरीजों को उपचार के लिए निजी अस्पतालों पर निर्भरता कम करने में मदद मिलेगी।
– नागरिक अस्पताल में पहली बार घुटने का प्रत्यारोपण किया गया है। अभी तक मरीज इस तरह के ऑपरेशन निजी अस्पतालों में करवाते थे। अस्पताल प्रशासन का प्रयास है कि सरकारी अस्पताल में मरीजों को अधिक से अधिक बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएं।
– डॉ. सुभाष, एसएमओ, नागरिक अस्पताल
