हुसैनगंज। गंगा कटरी क्षेत्र के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मवई में चिकित्सक की नियमित तैनाती न होने से मरीजों को समय पर इलाज नहीं मिल पा रहा है। रविवार सुबह 10 बजे पीएचसी का मुख्य गेट तो खुला, लेकिन अस्पताल परिसर में सन्नाटा पसरा रहा।
पीएचसी में तैनात संविदा चिकित्सक डॉ. प्रदीप और स्टाफ नर्स नीलम मौजूद रहीं। डॉ. प्रदीप पटेल ने बताया कि अस्पताल में स्टाफ की भारी कमी है। ईएमओआईसी का पद खाली है और वार्ड बॉय भी नहीं है।
हुसैनगंज सीएचसी में कार्यरत फार्मासिस्ट नरसिंह को सप्ताह में तीन दिन के लिए यहां अटैच किया गया है। बाकी दिनों में दवा वितरण की जिम्मेदारी उन्हें ही निभानी पड़ती है। मरीजों का पर्चा बनाने से लेकर इंजेक्शन लगाने तक का पूरा काम अकेले करना पड़ता है।
एलटी बुसरा छह महीने के अवकाश पर हैं, जिससे अस्पताल में जांच की सुविधा भी प्रभावित है। भिटौरा पीएचसी प्रभारी डॉ. नीरज गुप्ता ने बताया कि स्टाफ की कमी के कारण परेशानी होती है। ईएमओआईसी समेत अन्य रिक्त पदों पर तैनाती के लिए सीएमओ को पत्र लिखा गया है।