Fatehpur News:जिले के 3218 बूथों पर लगे कैंप, 23 हजार से अधिक फार्म-6 भरे – Camps Set Up At 3,218 Booths Across The District; Over 23,000 Form-6 Applications Filled
फतेहपुर। मतदाता सूची में नए नाम जोड़ने और छूटे हुए लोगों को मतदाता बनने का अवसर देने के लिए शनिवार को जिले के सभी 3218 बूथों पर विशेष कैंप लगाए गए। शिविरों में 23 हजार से अधिक फार्म-6 भरे गए। इसके माध्यम से 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं और मतदाता सूची में नाम दर्ज न होने वाले लोगों ने आवेदन किया।
विशेष कैंपों में बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) मौजूद रहे। उन्होंने नए मतदाता बनने के इच्छुक लोगों से आवेदन प्राप्त किए और जरूरी अभिलेखों व आवेदन प्रक्रिया की जानकारी दी। कई ऐसे लोग भी पहुंचे, जिनका नाम किसी कारणवश मतदाता सूची में शामिल नहीं हो सका था। निर्वाचन विभाग की ओर से मतदाता सूची को दुरुस्त करने के लिए अभियान चलाया जा रहा है।
कैंपों के माध्यम से लोगों को अपने बूथ पर ही नाम जुड़वाने के लिए आवेदन करने की सुविधा मिली। सभी बूथों पर बीएलओ की तैनाती की गई थी, ताकि आवेदकों को परेशानी न हो। उप जिला निर्वाचन अधिकारी विनय पांडेय ने बताया कि कैंप में प्राप्त आवेदनों का सत्यापन कराया जाएगा। पात्र आवेदकों के नाम नियमानुसार मतदाता सूची में शामिल किए जाएंगे। इससे नए मतदाताओं को आगामी चुनावों में मतदान का अवसर मिल सकेगा।
इधर, चौडगरा के मलवां विकासखंड के पहुर गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय प्रथम एवं द्वितीय में शनिवार को मतदाता सूची पुनरीक्षण के तहत विशेष हेल्प डेस्क संचालित की गई। बूथ संख्या 16 और 17 पर मतदाताओं को नाम जुड़वाने, कटवाने और संशोधन कराने के लिए फॉर्म उपलब्ध कराए गए। वहीं, बहुआ में मतदाता जोड़ो अभियान के तहत शनिवार को एसडीएम पिनाक मणि द्विवेदी ने नगर पंचायत बहुआ के प्राथमिक विद्यालय में बने बूथों का निरीक्षण किया। दोपहर डेढ़ बजे पहुंचे एसडीएम ने बीएलओ के रजिस्टर जांचकर नए मतदाताओं के नाम जोड़ने और अपात्र मतदाताओं के नाम विलोपित करने की प्रगति देखी।
