Firozabad News:छह घंटे तक तड़पी किशोरी…इलाज नहीं मिला, मौत – Teenage Girl Suffered For Six Hours… Received No Medical Treatment, Died
फिरोजाबाद। शहर के एक निजी अस्पताल में पेट दर्द की असहनीय पीड़ा से तड़पती 14 साल की किशोरी को छह घंटे तक इलाज नहीं मिला। रात 12 से सुबह छह बजे तक परिजन गुहार लगाते रहे मगर आरोप है कि कथित रूप से नशे में धुत अस्पताल कर्मियों ने डॉक्टर को नहीं बुलाया। किशोरी की मौत के बाद परिजन ने हंगामा किया। पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन देकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मामला उत्तर थाना क्षेत्र के एक निजी अस्पताल का है। भीम नगर के रहने वाले अमर सिंह की बेटी नंदनी (14) को पेट दर्द होने पर शुक्रवार शाम करीब छह बजे नगर निगम के पास स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। चिकित्सक ने अल्ट्रासाउंड रिपोर्ट देखने के बाद इलाज शुरू कर दिया। परिजनों के अनुसार, रात करीब 10 बजे वह बेटी को देखने पहुंचे तो उसकी हालत ठीक थी। नंदनी ने हल्का पेट दर्द बताया। रात करीब 12 बजे नंदनी के पेट में दर्द तेज हो गया। वह असहनीय पीड़ा से चिल्लाती रही। परिजन बार-बार अस्पताल के कर्मियों से डॉक्टर को बुलाने की गुहार लगाते रहे मगर स्टाफ ने सुनवाई नहीं की। शनिवार की सुबह छह बजे दर्द का ताव नहीं सह सकी नंदनी ने दम तोड़ दिया। परिजनों का आरोप है कि रात में अस्पताल कर्मी नशे में धुत थे। बेटी की मौत होने पर परिजनों ने हंगामा शुरू कर दिया। नंदनी के पिता अमर सिंह ने आरोप लगाया कि अस्पताल के शौचालय में शराब के पाउच भी उन्हें मिले। स्टाफ के कई लोग नशे में थे। इसका वीडियो भी उन्होंने पुलिस को दिखाया। उन्होंने अस्पताल के डॉक्टर व स्टाफ पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाया। उन्होंने थाना उत्तर में तहरीर दी है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
निजी अस्पताल में मौत के बाद किशोरी की मौत के बाद पोस्टमार्टम कराया गया है। पिता ने तहरीर दी है। स्टाफ के नशे में होने और इलाज में लापरवाही का आरोप है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।
– संतोष कुमार सिंह, सीओ सिटी
