Shahjahanpur News:अनिरुद्ध के शतक व अमन की गेंदबाजी से गुर्जर अकादमी ने छह विकेट से जीता मैच – Gurjar Academy Won The Match By Six Wickets
शाहजहांपुर। कैंट स्थित मैदान पर खेले गए क्रिकेट मुकाबले में गुर्जर क्रिकेट अकादमी शाह क्लब ने केवीएस क्रिकेट अकादमी को छह विकेट से हरा दिया। गुर्जर अकादमी की जीत में अनिरुद्ध वर्मा के नाबाद शतक और अमन सक्सेना की घातक गेंदबाजी की अहम भूमिका रही।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी केवीएस क्रिकेट अकादमी ने 20 ओवर में आठ विकेट खोकर 265 रन बनाए। कप्तान आशुतोष रस्तोगी ने पांच छक्कों और 12 चौकों की मदद से 96 रनों की शानदार पारी खेली। अमित वर्मा ने 36, प्रांजल ने 21 और शाश्वत ने 17 रन बनाए। गुर्जर अकादमी की ओर से अमन सक्सेना ने आठ ओवर में पांच विकेट झटके।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी गुर्जर अकादमी की शुरुआत अच्छी नहीं रही। सलामी बल्लेबाज राहुल 17 और दीपक राजपूत 10 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद अनिरुद्ध वर्मा ने मोर्चा संभाला और नौ छक्कों व 12 चौकों की मदद से 128 रन की नाबाद पारी खेलकर टीम को जीत दिलाई। अंश सिंह ने 28 और विकास कुमार ने 33 रनों का योगदान दिया। केवीएस की ओर से अमित वर्मा और प्रांजल ने दो-दो विकेट लिए। कोच अभय सिंह गुर्जर ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया।
सरोज इलेवन ने झंडा स्टार को 65 रनों से हराया
शाहजहांपुर। कैंट क्लब की ओर से आयोजित शाहजहांपुर टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट में सरोज इलेवन ने झंडा स्टार को 65 रनों से हरा दिया।
जीएफ कॉलेज मैदान पर खेले गए मुकाबले में सरोज इलेवन ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में पांच विकेट खोकर 164 रन बनाए। टीम की ओर से अविनाश ने 30, अमितेश ने 22, हरीश शर्मा और हार्दिक ने 25-25, जबकि सकलैन अहमद ने 34 रन बनाए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी झंडा स्टार की टीम 99 रनों पर सिमट गई। टीम की ओर से फहीम ने 26 और शिवम बतरा ने 19 रन बनाए। सरोज इलेवन की ओर से सकलैन अहमद ने शानदार गेंदबाजी करते हुए पांच विकेट झटके। इस तरह सरोज इलेवन ने मुकाबला 65 रनों से अपने नाम कर लिया। संवाद
