रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
गाज़ियाबाद

Ghaziabad News:बार एसोसिएशन का चुनाव 16 दिसंबर को, एल्डर कमेटी गठित – Bar Association Election On December 16; Elders’ Committee Constituted

November 26, 2026


गाजियाबाद। बार एसोसिएशन गाजियाबाद के वार्षिक चुनाव 2026-2027 की तारीख घोषित कर दी गई है। चुनाव 16 दिसंबर को कराया जाएगा। इसके लिए एल्डर कमेटी का गठन किया गया है। कमेटी में वरिष्ठ अधिवक्ता देशराज सिंह नागर को अध्यक्ष बनाया गया है।

कमेटी में पांच सदस्यों के साथ एक महिला अधिवक्ता को आमंत्रित सदस्य के रूप में शामिल किया गया है। इसके साथ ही 3004 अधिवक्ताओं की मतदाता सूची जारी कर दी गई है। इसमें कई अधिवक्ताओं के नाम सूची में नहीं है, जबकि कई चैंबरों पर अन्य अधिवक्ताओं के नाम जुड़ गए हैं। सूची में संशोधन और नाम जुड़ने की प्रक्रिया भी शुरू हो चुकी है। जल्द ही फाइनल सूची जारी होगी।

बार एसोसिएशन गाजियाबाद के अध्यक्ष ब्रह्मदेव त्यागी ने बताया कि बृहस्पतिवार को हुई बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि वर्ष 2025-2026 की एल्डर कमेटी को ही आगामी चुनाव के लिए बहाल रखा जाएगा। कमेटी चुनाव की प्रक्रिया संपन्न कराएगी। इसके साथ ही बार एसोसिएशन के वार्षिक चुनाव 2026-2027 की घोषणा करते हुए 16 दिसंबर 2026, बुधवार को चुनाव कराने का निर्णय लिया गया।

निष्पक्ष और व्यवस्थित तरीके से होगा चुनाव

सचिव वरुण त्यागी ने बताया कि एल्डर कमेटी में अध्यक्ष देशराज सिंह नागर, सदस्य सुभाष चंद्र सक्सेना, विजयपाल सिंह राठी, जगपाल सिंह और एसपी चौधरी को शामिल किया गया है। महिला अधिवक्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए वरिष्ठ महिला अधिवक्ता सुनीता दत्ता को आमंत्रित सदस्य बनाया गया है। सचिव ने बताया कि बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि चुनाव की आगामी कार्ययोजना पर विचार-विमर्श कर जल्द ही कार्यक्रम जारी किया जाएगा। एल्डर कमेटी बार एसोसिएशन के चुनाव को निष्पक्ष और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने की जिम्मेदारी निभाएगी।

कई अधिवक्ताओं के नाम सूची में गायब

जारी की गई सूची में कई अधिवक्ताओं के नाम सूची से गायब हैं। 26 वर्ष से वकालत कर रहे अधिवक्ता डॉ. राजकुमार ने बताया कि उनका नाम सूची में नहीं है, जबकि उनके चैंबर में दो ऐसे अधिवक्ताओं के नाम जोड़ दिए गए हैं, जिनके बारे में वह जानते ही नहीं हैं। उन्होंने बताया कि सूची में संशोधन के लिए बात की जाएगी।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X